Premanand Maharaj Ashram: वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम गुरु कृपा कुंज में रसिक दुलारी शरण की मौत के मामले में करीब नौ दिन बाद ट्रस्ट की ओर से आधिकारिक बयान सामने आया है। श्री हित राधा केली कुंज ट्रस्ट ने घटना पर दुख जताते हुए मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही मामले की जांच को लेकर लोगों से संयम बरतने और किसी भी तरह की अपुष्ट जानकारी पर भरोसा नहीं करने की अपील की गई है।
25 सितंबर को हुई थी रसिक दुलारी शरण की मौत
जानकारी के मुताबिक, रसिक दुलारी शरण की 25 सितंबर को प्रेमानंद आश्रम गुरु कृपा कुंज में मौत हुई थी। घटना के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं और दावे सामने आने लगे थे। इसी बीच अब श्री हित राधा केली कुंज ट्रस्ट ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपना पक्ष सार्वजनिक किया है। ट्रस्ट ने अपने बयान में कहा कि इस दुखद घटना से पूज्य महाराज जी और पूरा परिकर बेहद आहत है। संस्था ने रसिक दुलारी शरण के परिवार के प्रति संवेदना और सहानुभूति भी प्रकट की है।
पुलिस जांच में सहयोग कर रहा ट्रस्ट
ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि घटना की जांच पुलिस प्रशासन की ओर से की जा रही है। बयान के अनुसार, पुलिस मामले की निष्पक्षता और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है। ट्रस्ट ने कहा है कि वह जांच प्रक्रिया में पुलिस और प्रशासन का पूरा सहयोग कर रहा है।
इस बयान के जरिए ट्रस्ट ने यह भी स्पष्ट करने की कोशिश की है कि घटना से जुड़ी वास्तविक जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। ऐसे में फिलहाल किसी भी तरह के अनुमान या सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के आधार पर निष्कर्ष निकालने से बचने की सलाह दी गई है।
अफवाहों पर भरोसा न करने की अपील

घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें प्रसारित हो रही थीं। इसे देखते हुए ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं, साधकों और आम लोगों से विशेष अपील की है। ट्रस्ट ने कहा है कि बिना पुष्टि के किसी जानकारी को आगे साझा न किया जाए। बयान में यह भी आग्रह किया गया है कि जांच पूरी होने तक ऐसी कोई टिप्पणी, पोस्ट या सामग्री प्रसारित न की जाए, जिससे पूज्य महाराज या आश्रम की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े।
जांच पूरी होने तक संयम रखने को कहा
ट्रस्ट ने लोगों से जांच प्रक्रिया का सम्मान करने और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। संस्था के मुताबिक, घटना की वास्तविक परिस्थितियां निष्पक्ष जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी। इसलिए किसी भी अपुष्ट दावे को सच मानने या उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से बचना जरूरी है। रसिक दुलारी शरण की मौत के बाद लगातार चल रही चर्चाओं के बीच ट्रस्ट का यह बयान सामने आया है। अब मामले की जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की तस्वीर पूरी तरह साफ होने की उम्मीद है।
UP News: शामली खनन विभाग में बड़ा एक्शन, रिश्वत के आरोप और लाखों की










