SSC CHSL 2025 Final Result: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने संयुक्त उच्चतर माध्यमिक स्तर यानी CHSL परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 3522 रिक्त पद घोषित किए गए थे। इनमें से 3515 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से विभिन्न पदों के लिए अनुशंसित किया गया है। परिणाम जारी होने के बाद अब चयनित उम्मीदवारों के लिए नियुक्ति से जुड़ी अगली प्रक्रिया शुरू होगी।
GATE 2027 Registration: आज खत्म हो रही आवेदन की समय सीमा, जानें कब
3515 अभ्यर्थियों को मिला अंतिम चयन
आयोग की ओर से जारी अंतिम परिणाम में अलग-अलग श्रेणियों के अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। आंकड़ों के अनुसार, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के 337, अनुसूचित जाति (SC) के 487, अनुसूचित जनजाति (ST) के 251, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के 766 और अनारक्षित वर्ग के 1674 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से अनुशंसित किया गया है। इस तरह कुल 3515 उम्मीदवारों का चयन हुआ है। हालांकि, घोषित 3522 रिक्तियों में से सात पद इस चरण में खाली रह गए हैं।
पद आवंटन में योग्यता और पसंद का रखा गया ध्यान
SSC के मुताबिक उम्मीदवारों को पदों का आवंटन उनकी योग्यता, पदों की प्राथमिकता और सत्यापन प्रक्रिया के दौरान चुने गए विकल्पों के आधार पर किया गया है। अभ्यर्थियों को पहले से आवंटित पद पर बने रहने या उपलब्ध विकल्पों के अनुसार बदलाव करने का अवसर दिया गया था। कुल चयनित उम्मीदवारों में 2260 अभ्यर्थियों ने स्थिर आवंटन को चुना, जबकि 927 उम्मीदवारों ने पद परिवर्तन का विकल्प लिया। इसके अतिरिक्त सत्यापन प्रक्रिया में अनुपस्थित रहने वाले उम्मीदवारों के कारण खाली हुए पदों पर 328 अभ्यर्थियों को नया पद आवंटित किया गया।
अनुपस्थित उम्मीदवारों को नहीं मिला अंतिम परिणाम में स्थान

आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित प्रक्रिया के दौरान जो अभ्यर्थी उपस्थित नहीं हुए, उन्हें अनुपस्थित माना गया। ऐसे उम्मीदवारों को अंतिम परिणाम में शामिल नहीं किया गया। उनके कारण खाली हुए पदों को अन्य योग्य अभ्यर्थियों को आवंटित किया गया है।
तीन उम्मीदवारों का परिणाम फिलहाल रोका
अंतिम परिणाम में तीन अभ्यर्थियों का परिणाम फिलहाल रोक दिया गया है। वहीं, अंतिम रूप से चयनित उम्मीदवारों को नए क्रमांक भी दिए गए हैं। ये नए क्रमांक पहले जारी किए गए अस्थायी आवंटन में दिए गए क्रमांकों के स्थान पर मान्य होंगे।
अब दस्तावेज सत्यापन और नियुक्ति की बारी

अंतिम परिणाम जारी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों के लिए दस्तावेज सत्यापन और नियुक्ति की आगे की प्रक्रिया संबंधित विभागों की ओर से पूरी की जाएगी। आयोग ने उम्मीदवारों को इस प्रक्रिया पर नजर रखने की सलाह दी है। SSC के अनुसार, यदि अंतिम परिणाम घोषित होने के छह महीने के भीतर संबंधित विभाग की ओर से उम्मीदवार को कोई पत्राचार प्राप्त नहीं होता है, तो अभ्यर्थी को संबंधित विभाग से संपर्क करना होगा।
नहीं जारी होगी प्रतीक्षा सूची
SSC ने यह भी साफ किया है कि CHSL 2025 के लिए कोई आरक्षित या प्रतीक्षा सूची जारी नहीं की जाएगी। अंतिम परिणाम में खाली रह गए पद या चयनित उम्मीदवारों के कार्यभार ग्रहण नहीं करने से भविष्य में पैदा होने वाली रिक्तियों को संबंधित विभाग अगले वर्षों में आगे बढ़ाएंगे।
बाद में जारी होंगे विस्तृत अंक
आयोग के अनुसार चयनित और गैर-चयनित उम्मीदवारों के विस्तृत अंक और अंतिम उत्तर कुंजी बाद में SSC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। परिणाम संबंधी अधिसूचना पर 7 अक्टूबर 2026 की तारीख दर्ज है। उम्मीदवार आगे की नियुक्ति प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए आयोग और संबंधित विभाग के आधिकारिक अपडेट पर नजर रखें।










