US Iran War: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच देशवासियों से पेट्रोलियम उत्पादों का सीमित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है, इसलिए पेट्रोल, डीजल और गैस का इस्तेमाल केवल आवश्यकता के अनुसार ही करना चाहिए।
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए ईंधन की बचत करना समय की बड़ी जरूरत बन गई है। उनका कहना था कि इससे देश की विदेशी मुद्रा की बचत होगी और वैश्विक संकट का असर भी कम महसूस होगा।
शपथ लेते ही एक्शन में सीएम विजय, सचिवालय पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था पर की बड़ी बैठक
ऊर्जा संकट के बीच सरकार की रणनीति
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत अब पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि देश सौर ऊर्जा उत्पादन में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है। इसके अलावा पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है, ताकि आयातित तेल पर निर्भरता कम हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में रिन्यूएबल एनर्जी भारत की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सरकार लगातार स्वच्छ और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा दे रही है।
CNG और PNG नेटवर्क के विस्तार पर फोकस
प्रधानमंत्री ने अपनी ऊर्जा नीति का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार का पहला उद्देश्य हर परिवार तक एलपीजी पहुंचाना था, जिसमें बड़ी सफलता मिली है। अब सरकार पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) नेटवर्क को तेजी से विस्तार देने पर काम कर रही है ताकि लोगों को सस्ती और सुरक्षित गैस उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही सीएनजी आधारित परिवहन व्यवस्था को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उनका मानना है कि इससे प्रदूषण कम होगा और ऊर्जा स्रोतों में विविधता आएगी।
तेलंगाना में हजारों करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में लगभग 9,377 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि भारत तेज गति से आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रहा है और देश “रिफॉर्म्स एक्सप्रेस” पर आगे बढ़ रहा है।
इन परियोजनाओं में हैदराबाद-पनजी आर्थिक कॉरिडोर के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-167 का फोर-लेन निर्माण, संगारेड्डी जिले के जहीराबाद औद्योगिक क्षेत्र का विकास और रेलवे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
पीएम मित्रा पार्क बना आकर्षण का केंद्र
प्रधानमंत्री ने वारंगल स्थित काकतिया मेगा टेक्सटाइल पार्क का भी उद्घाटन किया। करीब 1,700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह भारत का पहला पूरी तरह संचालित पीएम मित्रा पार्क है।
यह पार्क केंद्र सरकार के ‘5F विजन’ — Farm to Fibre to Factory to Fashion to Foreign — के तहत विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य कपड़ा उद्योग की पूरी सप्लाई चेन को मजबूत बनाना और निर्यात को बढ़ावा देना है।










