
Lucknow Flood: केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने गुरुवार अपराह्न अपने संसदीय क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र फैजुल्लागंज का दौरा किया। रक्षा मंत्री ने सीधे जलभराव और बाढ़ से प्रभावित भाई-बहनों और परिवारों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं समझीं और स्वयं राहत सामग्री का वितरण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन पूरी तरह से बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़े हैं।
रक्षा मंत्री ने बताया कि फैजुल्लागंज के हर प्रभावित परिवार तक आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। क्षेत्र में लगभग 10,000 राहत पैकेट वितरित करने का प्रबंध किया गया है, ताकि किसी भी जरूरतमंद परिवार को भोजन या दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कमी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाएं और किसी भी परिवार को राहत कार्यों से वंचित न रहना पड़े।
Lucknow News: शिवा शर्मा मर्डर केस में नया मोड़! श्रद्धा दुबे ने जारी किया तीसरा वीडियो
मुख्यमंत्री योगी और अधिकारियों के साथ निरंतर संवाद, राहत कार्य तेज

फैजुल्लागंज में स्थानीय बाढ़ और गोमती नदी के जलस्तर के कारण उत्पन्न हुई परिस्थितियों पर रक्षा मंत्री लगातार नज़र बनाए हुए हैं। उन्होंने मीडिया को दिए अपने कथन में बताया कि वे स्थिति को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, लखनऊ के जिलाधिकारी और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में हैं।
गौरतलब है कि लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र का फैजुल्लागंज एक बड़ा रिहायशी इलाका है, जहां गोमती नदी के उफान के कारण भारी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद प्रशासनिक अमले के साथ क्षेत्र में उतरकर बाढ़ की स्थिति का मुआयना कर चुके हैं। जिला प्रशासन और नगर निगम की टीमें पिछले दस दिनों से दिन-रात मुस्तैद रहकर बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत सामग्री उपलब्ध कराने में जुटी हुई हैं।
182 करोड़ की लागत से बनेगा पक्का बंधा

फैजुल्लागंज के निवासियों को हर साल मानसून के दौरान होने वाले इस जलभराव और त्रासदी से स्थाई रूप से निजात दिलाने के लिए बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। रक्षा मंत्री ने घोषणा की कि भविष्य में ऐसी स्थिति का बार-बार सामना न करना पड़े, इसके लिए स्थायी समाधान की दिशा में प्रयास तेजी से जारी हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फैजुल्लागंज में 182 करोड़ की लागत से एक पक्के बंधे के निर्माण की घोषणा की है। रक्षा मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार का पूरा प्रयास है कि इस बंधे का निर्माण कार्य शीघ्र अति शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि भविष्य में गोमती नदी के बढ़ते जलस्तर से रिहायशी इलाकों को पूरी तरह सुरक्षित रखा जा सके।
“जनता का विश्वास और स्नेह हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी”

अपने संबोधन और मीडिया कथन के अंत में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जनता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि लखनऊ की जनता का विश्वास और स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। जब तक फैजुल्लागंज में बाढ़ की स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती और हर प्रभावित व्यक्ति का जीवन पटरी पर नहीं लौट आता, तब तक शासन, प्रशासन और वे स्वयं पूरी निष्ठा के साथ प्रभावित परिवारों की सेवा में डटे रहेंगे।
Lucknow News: श्रद्धा दुबे ने वीडियो में बताई 7 से 9 तारीख की कहानी, शिवा शर्मा केस में नया मोड़











