Lucknow News: शिवा शर्मा मर्डर केस में नया मोड़! श्रद्धा दुबे ने जारी किया तीसरा वीडियो

लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे का तीसरा वीडियो सामने आया है। श्रद्धा ने खुद को बेगुनाह बताते हुए दावा किया कि शिवा ने कर्ज से परेशान होकर बालकनी से छलांग लगाई थी। उसने आखिरी मुलाकात, बहन रश्मि और सीसीटीवी फुटेज को लेकर भी अपनी बात रखी है।

Lucknow News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अक्टूबर 15, 2026

Advertisements
728x90-Kanya-Sumangla-Mission-Shakti-Digital

Lucknow News: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में हत्या की आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे का तीसरा वीडियो सामने आया है। करीब 5 मिनट 18 सेकेंड के इस वीडियो में श्रद्धा खुद को बेगुनाह बताते हुए सफाई दे रही है। उसका दावा है कि शिवा की हत्या नहीं हुई, बल्कि उसने कर्ज से परेशान होकर बालकनी से छलांग लगाकर आत्महत्या की थी। श्रद्धा ने मीडिया से उसका नाम उछालने से बचने की अपील भी की है। हालांकि, ये उसके अपने दावे हैं, जिनकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

श्रद्धा दुबे ने जारी किया तीसरा वीडियो

श्रद्धा दुबे ने जारी किया तीसरा वीडियो

बताते चले कि, श्रद्धा दुबे ने वीडियो में कहा कि शिवा कर्ज को लेकर काफी परेशान रहता था। उसके मुताबिक, शिवा कई बार कह चुका था कि अगर वह कर्ज नहीं चुका पाया तो आत्महत्या कर सकता है। श्रद्धा का दावा है कि उस समय वे उसकी बातों को गंभीरता से नहीं ले रहे थे। उसने कहा कि अगर घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाएगी, तो सच्चाई सामने आ सकती है। श्रद्धा ने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि बिना पूरी जानकारी के ऐसी बातें न फैलाई जाएं, जिनसे उसकी और उसके परिवार की छवि खराब हो।

शिवा शर्मा की मौत के बाद पुलिस और एंबुलेंस को फोन करने का दावा

श्रद्धा के मुताबिक, घटना के बाद उसने शिवा की मां को फोन किया। इसके अलावा उसने पुलिस हेल्पलाइन 112 और एंबुलेंस सेवा 108 पर भी कॉल किया था। उसने आरोप लगाया कि शिवा की मां मौके पर पहुंचने के बाद उसके ड्राइवर के साथ मारपीट करने लगीं। श्रद्धा का कहना है कि अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों में यह घटना रिकॉर्ड हुई होगी। उसने यह भी कहा कि बिना पूरी जानकारी के उस पर हत्या का आरोप लगा दिया गया। श्रद्धा ने मीडिया से अपनी बहन रश्मि का नाम इस मामले में बेवजह न घसीटने की अपील की है।

7 अक्टूबर की रात शिवा शर्मा से मुलाकात का किया जिक्र

श्रद्धा ने वीडियो में दावा किया कि 7 अक्टूबर से पहले करीब पांच-छह दिनों तक उसकी और शिवा की बातचीत नहीं हो रही थी। उसके मुताबिक, 7 अक्टूबर को शिवा ने कपूरथला चौराहे के पास एक चाय वाले के जरिए उसके ड्राइवर से संपर्क किया था। श्रद्धा ने बताया कि फोन पर शिवा काफी रो रहा था। उसका कहना है कि उसने शिवा को दो बार फोन किया, लेकिन कॉल नहीं उठी। रात करीब दो बजे शिवा ने उसे फोन किया और मिलने की बात कही। इसके बाद वह अपनी बीएमडब्ल्यू कार से उससे मिलने पहुंचा। श्रद्धा के मुताबिक, दोनों पहले एक कैफे गए और फिर उसके फ्लैट पर पहुंचे।

बहन रश्मि और दोस्तों को लेकर श्रद्धा ने क्या कहा?

श्रद्धा ने बताया कि 8 अक्टूबर की सुबह उसकी बहन फ्लैट पर आई थी। उसने दावा किया कि उसकी बहन का शिवा से ज्यादा परिचय नहीं था और उसका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। श्रद्धा के मुताबिक, उस दिन सब कुछ सामान्य था और वे लोग घूमने भी गए थे। उसने बताया कि शाम को शिवा के दोस्त अश्विनी मिश्रा और हर्ष भी मिलने आए थे। श्रद्धा का कहना है कि अगर कॉल डिटेल्स की जांच की जाएगी, तो उसकी बहन और शिवा के बीच बातचीत की स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

लिव-इन रिलेशनशिप पर भी श्रद्धा दुबे ने दी सफाई

लिव-इन रिलेशनशिप पर भी श्रद्धा दुबे ने दी सफाई

श्रद्धा ने दावा किया कि वह शिवा को करीब चार महीने से जानती थी और पिछले दो महीनों से दोनों रिलेशनशिप में थे। उसने शिवा की मां के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें कहा गया था कि शिवा उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहता था। श्रद्धा के मुताबिक, शिवा करीब 15 दिन उसके साथ रहता था और फिर दो से चार दिन के लिए गायब हो जाता था। उसने बताया कि जब दोनों की बातचीत नहीं हो रही थी, तब शिवा अपनी बहन और जीजा के साथ केदारनाथ गया हुआ था।

शिवा शर्मा की मौत का मामला क्या है?

जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद चिकन कारोबारी और कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। शिवा की मां रंजना ने मॉडल श्रद्धा दुबे पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

फिलहाल, श्रद्धा समेत अन्य आरोपियों के फरार होने की बात सामने आई है। श्रद्धा अपने वीडियो में खुद को बेगुनाह बता रही है, जबकि शिवा की मां ने उसके खिलाफ आरोप लगाए हैं। मामले में असल घटनाक्रम क्या था, यह पुलिस जांच और उपलब्ध सबूतों से ही स्पष्ट होगा।