Weather Update: मानसून विदाई की ओर बढ़ रहा है, लेकिन उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अभी भी बारिश का दौर जारी है। खासकर ब्रज और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में बादल जमकर बरस रहे हैं। शुक्रवार को राज्य के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। राहत की बात यह रही कि बारिश के कारण किसी तरह की जनहानि की सूचना सामने नहीं आई। मौसम विभाग ने शनिवार को भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। वहीं, पूर्वी यूपी में बारिश की गतिविधियां फिलहाल कमजोर रहने का अनुमान है।
Weather Update: दिल्ली-UP समेत 17 राज्यों में आफत की बारिश, तेज हवाओं का अलर्ट
सुलतानपुर में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सुलतानपुर में सबसे अधिक 16.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके बाद गोरखपुर में 10.4 मिमी बारिश हुई। अलीगढ़ में 9.4 मिमी, शाहजहांपुर में 8.6 मिमी, मेरठ में 7 मिमी और बरेली में 5.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा मुजफ्फरनगर में 5 मिमी, झांसी में 4.9 मिमी, बाराबंकी में 3.6 मिमी, बहराइच में 2.6 मिमी और मुरादाबाद में 2 मिमी बारिश हुई।
पश्चिमी यूपी में शनिवार को भी तेज बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। राज्य के पश्चिमी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है। इसके उलट पूर्वी उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश का दौर छिटपुट रहने का अनुमान है। यानी एक तरफ पश्चिमी यूपी में बादल सक्रिय रहेंगे, जबकि पूर्वी हिस्सों में बारिश से कुछ राहत मिल सकती है।
प्रयागराज में बारिश थमी तो बढ़ी गर्मी और उमस
प्रयागराज में पिछले करीब एक सप्ताह से जारी बारिश अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ती नजर आ रही है। शुक्रवार सुबह धूप निकली और दोपहर के समय उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ाई। बारिश कम होने और धूप निकलने के कारण दिन के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पिछले 24 घंटे में प्रयागराज में 4.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एक दिन पहले की तुलना में 1.4 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के अनुसार 5 से 11 सितंबर के बीच आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर बारिश की संभावना बनी रहेगी।
कानपुर में 11 दिनों से लगातार बारिश
कानपुर में इस बार बारिश ने लंबे समय बाद नया रिकॉर्ड जैसा हाल बनाया है। शहर में लगातार 11 दिनों तक बारिश दर्ज की गई। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कमजोर होने और मानसून ट्रफ के दक्षिण की ओर खिसकने के कारण फिलहाल पूर्वी यूपी में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बारिश की गतिविधियां कम हो सकती हैं। हालांकि, 6 सितंबर के बाद एक बार फिर बारिश शुरू होने की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को भी कानपुर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। इस दौरान कुल बारिश का आंकड़ा 346.9 मिमी तक पहुंच गया।
25 अगस्त से लगातार बरस रहे बादल
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वेदर स्टेशन के मुताबिक शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक 10.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। कानपुर में 25 अगस्त से लगातार किसी न किसी स्तर पर बारिश होती रही है। रिकॉर्ड के अनुसार 25 अगस्त को 2 मिमी, 26 अगस्त को 84.1 मिमी, 27 अगस्त को 28.6 मिमी, 28 अगस्त को 57.9 मिमी और 29 अगस्त को 19.8 मिमी बारिश हुई। इसके बाद 30 अगस्त को 3.7, 31 अगस्त को 0.9, 1 सितंबर को 68, 2 सितंबर को 39, 3 सितंबर को 42 और 4 सितंबर को 10.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इस तरह कानपुर में 11 दिनों तक एक भी दिन ऐसा नहीं रहा, जब बारिश पूरी तरह थमी हो।
Aaj Ka Rashifal: सितारे देंगे साथ, 5 राशियों को मिलेगा धन लाभ और सफलता










