
Sharad Pawar Health: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार की सेहत अब पहले से बेहतर है। बुधवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें फोन कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान पीएम मोदी ने उनसे कहा कि आप अपना ख्याल रखें और हमें गाइड करते रहें।
शरद पवार की सेहत का PM मोदी ने जाना हाल
महाराष्ट्र के दिग्गज नेता और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार की तबीयत अब पहले से काफी बेहतर बताई जा रही है। उनकी सेहत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चिंता जताई है। बुधवार यानी 4 नवंबर की सुबह पीएम मोदी ने शरद पवार को फोन किया और उनका हालचाल जाना।इस बातचीत की जानकारी शरद पवार के करीबी विठ्ठल मणियार ने एबीपी माझा को दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने फोन पर शरद पवार से उनकी सेहत के बारे में पूछा। इस दौरान पीएम मोदी ने उनसे कहा, ”आप अपना ख्याल रखें, हम देश का ख्याल रखेंगे। आप हमें गाइड करते रहें।”

पीएम मोदी के इस फोन कॉल को राजनीतिक गलियारों में भी अहम माना जा रहा है। दोनों नेताओं के बीच हुई इस बातचीत में प्रधानमंत्री ने शरद पवार के अनुभव और मार्गदर्शन को लेकर भी अपनी बात रखी।
2 नवंबर को अस्पताल में भर्ती हुए थे शरद पवार
दरअसल, 85 साल के शरद पवार को 2 नवंबर को सीने में दर्द और खांसी की शिकायत के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। उनकी तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आने के बाद समर्थकों और राजनीतिक नेताओं में चिंता बढ़ गई थी।शरद पवार की बेटी और बारामती से लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनके स्वास्थ्य को लेकर जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि खांसी आने के बाद शरद पवार को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जरूरी जांच की।
शरद पवार की मेडिकल रिपोर्ट में सभी पैरामीटर स्थिर

सुप्रिया सुले के मुताबिक, अस्पताल में शरद पवार की मेडिकल जांच की गई और उनके स्वास्थ्य से जुड़े सभी जरूरी पैरामीटर स्थिर पाए गए। इसके बाद डॉक्टरों ने उनकी सेहत पर नजर बनाए रखी।रूबी हॉल क्लीनिक के हृदय रोग विशेषज्ञ, अध्यक्ष और प्रबंध न्यासी डॉ. परवेज के ग्रांट ने भी बताया कि शरद पवार की हालत में सुधार हो रहा है। हालांकि, उनकी उम्र को देखते हुए डॉक्टरों ने एहतियात बरतने का फैसला किया और उन्हें निगरानी में रखा।
क्या हुआ था शरद पवार को?
शरद पवार को जिस परेशानी के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, उसे प्लूरिटिक पेन कहा जाता है। यह एक तरह का सीने का दर्द है, जो सांस लेने से जुड़ी परेशानी के कारण हो सकता है। आमतौर पर गहरी सांस लेने, खांसने या छींकने के दौरान यह दर्द बढ़ जाता है।इस तरह के दर्द के कई कारण हो सकते हैं और इसकी सही वजह जानने के लिए डॉक्टर जांच करते हैं। शरद पवार के मामले में भी चिकित्सकों ने उनकी जांच की और फिलहाल उनकी स्थिति में सुधार बताया है।
महाराष्ट्र की राजनीति के दिग्गज नेता हैं शरद पवार
शरद पवार महाराष्ट्र की राजनीति के सबसे अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं। वह कई बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और केंद्र सरकार में भी अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। मौजूदा समय में वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) का नेतृत्व कर रहे हैं।उनकी तबीयत को लेकर राजनीतिक गलियारों में लगातार चर्चा बनी हुई है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोन कर उनका हाल जानना भी सुर्खियों में है। फिलहाल राहत की बात यह है कि शरद पवार की सेहत में सुधार हो रहा है और डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं।











