India vs New Zealand ODI : रोहित-विराट की फिटनेस ने फिर दिखाया दम, मैदान पर दिखी गजब की फुर्ती

39 साल के रोहित शर्मा और 38 साल के होने जा रहे विराट कोहली ने ऑकलैंड वनडे में ऐसा कमाल किया कि न्यूजीलैंड के खिलाड़ी भी हैरान रह गए। पहले रोहित ने अपनी तेजी से डैरेल मिचेल को रन आउट कराया, फिर विराट ने हवा में उड़कर एक हाथ से शानदार कैच लपका।

India vs New Zealand ODI

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

नवम्बर 4, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

India vs New Zealand ODI : भारतीय क्रिकेट में रोहित शर्मा और विराट कोहली का नाम सिर्फ उनकी बल्लेबाजी के लिए ही नहीं, बल्कि फिटनेस और मैदान पर शानदार प्रदर्शन के लिए भी जाना जाता है। उम्र के उस पड़ाव पर पहुंचने के बावजूद दोनों खिलाड़ियों की चुस्ती-फुर्ती में कोई कमी नजर नहीं आ रही है। रोहित शर्मा 39 साल के हो चुके हैं, जबकि विराट कोहली 5 नवंबर को अपना 38वां जन्मदिन मनाने जा रहे हैं। इसके बावजूद दोनों मैदान पर युवा खिलाड़ियों जैसी ऊर्जा और तेजी दिखा रहे हैं।

ऑकलैंड वनडे में रोहित और विराट ने अपनी शानदार फील्डिंग से एक बार फिर साबित कर दिया कि उम्र उनके प्रदर्शन के आड़े नहीं आ रही है। मुकाबले में पहले रोहित शर्मा ने अपनी तेजी से सभी को हैरान किया, फिर विराट कोहली ने ऐसा कैच पकड़ा कि मैदान पर मौजूद खिलाड़ी और दर्शक भी दंग रह गए।

रोहित शर्मा की फुर्ती ने डैरेल मिचेल को पहुंचाया पवेलियन

न्यूजीलैंड की पारी के 22वें ओवर में रोहित शर्मा ने अपनी बेहतरीन फील्डिंग का नमूना पेश किया। यह ओवर अक्षर पटेल कर रहे थे। ओवर की पहली गेंद पर ग्लेन फिलिप्स ने मिडिल ऑफ द बैट से शॉट खेला और तेजी से एक रन लेने की कोशिश की। इस दौरान नॉन स्ट्राइकर एंड पर मौजूद डैरेल मिचेल भी रन पूरा करने के लिए दौड़ पड़े।

हालांकि, उन्हें अंदाजा नहीं था कि रोहित शर्मा इतनी तेजी से गेंद को पकड़कर विकेटकीपर तक पहुंचा देंगे। रोहित ने बिना कोई देरी किए गेंद को लपका और शानदार तेजी के साथ विकेटकीपर केएल राहुल की तरफ थ्रो कर दिया।

रोहित के सटीक थ्रो और राहुल की तेजी ने किया कमाल

रोहित शर्मा का थ्रो इतना तेज और सटीक था कि केएल राहुल को गेंद पकड़ते ही स्टंप्स पर निशाना साधने का मौका मिल गया। राहुल ने बिना समय गंवाए स्ट्राइकर एंड की गिल्लियां बिखेर दीं। दूसरी तरफ रन पूरा करने के लिए दौड़ रहे डैरेल मिचेल क्रीज तक नहीं पहुंच सके और उन्हें रन आउट होकर पवेलियन लौटना पड़ा।

रोहित की इस शानदार फील्डिंग ने न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को बड़ा झटका दिया। खास बात यह रही कि यह वनडे क्रिकेट में डैरेल मिचेल का पहला रन आउट था। 39 साल की उम्र में रोहित की इस तेजी ने एक बार फिर उनकी फिटनेस और मैदान पर मौजूदगी का अहसास कराया।

विराट कोहली ने हवा में लगाई छलांग, एक हाथ से लपका कैच

रोहित शर्मा के शानदार प्रदर्शन के बाद विराट कोहली ने भी अपनी फील्डिंग से सबका ध्यान खींच लिया। विराट ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज नैथन स्मिथ का ऐसा कैच पकड़ा, जिसे देखकर कुछ पल के लिए वह मैदान पर सुपरमैन नजर आए।

न्यूजीलैंड की पारी का 29वां ओवर चल रहा था। अंशुल कंबोज गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की तीसरी गेंद पर नैथन स्मिथ ने शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद हवा में चली गई। इस दौरान विराट कोहली ने अपनी दाईं ओर तेजी से छलांग लगाई और हवा में डाइव लगाते हुए एक हाथ से शानदार कैच लपक लिया।

RO-KO की फील्डिंग ने बताया उम्र सिर्फ एक आंकड़ा

विराट कोहली का यह कैच उनकी फिटनेस, फुर्ती और बेहतरीन रिफ्लेक्स का शानदार उदाहरण रहा। 38 साल के होने जा रहे विराट ने जिस तेजी से गेंद तक पहुंचकर कैच पकड़ा, उसने युवा खिलाड़ियों को भी अपनी फिटनेस पर ध्यान देने का संदेश दिया।

ऑकलैंड वनडे में रोहित शर्मा और विराट कोहली के इन दो शानदार फील्डिंग प्रयासों ने मुकाबले को और रोमांचक बना दिया। दोनों खिलाड़ियों ने दिखा दिया कि क्रिकेट में अनुभव के साथ फिटनेस का तालमेल कितना महत्वपूर्ण है। RO-KO की जोड़ी ने एक बार फिर साबित किया कि उम्र भले ही बढ़ रही हो, लेकिन मैदान पर उनका जुनून और ऊर्जा आज भी बरकरार है।

Read More :  Uttarakhand News: विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज, 16 नवंबर से ईवीएम जागरूकता अभियान शुरू करेगा निर्वाचन आयोग

2