Box Office: ओटीटी की चर्चित क्राइम सीरीज ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर फिल्म के रूप में दस्तक दे चुकी है। ‘मिर्जापुर द मूवी’ शुक्रवार, 4 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। फिल्म को लेकर रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला था। यही वजह है कि फिल्म की एडवांस बुकिंग को भी शानदार रिस्पॉन्स मिला। फिल्म की रिलीज से पहले ही सोशल मीडिया पर इसका काफी बज बना हुआ था। ऐसे में माना जा रहा है कि ओपनिंग डे पर ‘मिर्जापुर द मूवी’ बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत कर सकती है। शुरुआती आंकड़े भी इसी ओर इशारा कर रहे हैं।
Bigg Boss 20 का घर देख रह जाएंगे दंग, शार्क पूल और रूम 20 का रहस्य सबसे
एडवांस बुकिंग में दिखा जबरदस्त क्रेज
फिल्म की एडवांस बुकिंग के आंकड़ों पर नजर डालें तो दर्शकों की दिलचस्पी साफ दिखाई देती है। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘मिर्जापुर द मूवी’ के हिंदी 2D वर्जन के लिए पहले दिन 3 लाख 25 हजार 635 टिकट बिक चुके हैं। वहीं तेलुगु 2D वर्जन के लिए भी एडवांस बुकिंग में 2,492 टिकटों की बिक्री दर्ज की गई है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म को रिलीज से पहले ही दर्शकों का अच्छा सपोर्ट मिल रहा है।
प्री-सेल में 9 करोड़ से ज्यादा की कमाई
एडवांस बुकिंग से होने वाली कमाई की बात करें तो फिल्म ने ब्लॉक सीटों को छोड़कर प्री-सेल में ही 9.19 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। वहीं ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर एडवांस बुकिंग का आंकड़ा बढ़कर करीब 12.55 करोड़ रुपये हो जाता है। इन आंकड़ों ने फिल्म की ओपनिंग को लेकर उम्मीदें और बढ़ा दी हैं। अब असली चुनौती रिलीज के बाद दर्शकों के रिस्पॉन्स और ऑक्यूपेंसी को लेकर है।
कितनी बड़ी ओपनिंग कर सकती है फिल्म?
‘मिर्जापुर द मूवी’ की एडवांस बुकिंग में 12 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई को देखते हुए शुरुआती अनुमान काफी मजबूत हैं। सैकनिल्क के अनुमान के मुताबिक फिल्म पहले दिन डबल डिजिट में कलेक्शन कर सकती है। माना जा रहा है कि फिल्म करीब 20 से 25 करोड़ रुपये के साथ बॉक्स ऑफिस पर खाता खोल सकती है। अगर दर्शकों से इसे शानदार वर्ड ऑफ माउथ मिलता है, तो ओपनिंग डे का कलेक्शन 30 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना भी जताई गई है। हालांकि, फिल्म की वास्तविक कमाई के आंकड़े देर रात सामने आने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।
पुराने चेहरों के साथ नए सितारों की एंट्री
‘मिर्जापुर द मूवी’ की सबसे बड़ी खासियत इसकी स्टारकास्ट भी है। फिल्म में वेब सीरीज से जुड़े कई लोकप्रिय कलाकार अपने पुराने किरदारों के साथ वापसी कर रहे हैं। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, रसिका दुग्गल, श्रिया पिलगांवकर, श्वेता त्रिपाठी और अभिषेक बनर्जी जैसे कलाकार नजर आएंगे। इसके अलावा फिल्म में रवि किशन, जितेंद्र कुमार और सोनल चौहान समेत कई नए चेहरों की भी एंट्री हुई है। पुराने किरदारों और नए कलाकारों का यह कॉम्बिनेशन फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘मिर्जापुर द मूवी’ एडवांस बुकिंग के दम पर बॉक्स ऑफिस पर कितनी बड़ी ओपनिंग हासिल करती है और क्या यह अपने अनुमानित आंकड़ों को पार कर पाती है।










