LPG Cylinder: महंगाई पर ब्रेक! कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ सस्ता, जानिए नए रेट

क्या महंगाई से जूझ रही जनता को अब बड़ी राहत मिलने वाली है? कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में अचानक आई कटौती ने सभी को चौंका दिया है। आखिर क्यों घटे दाम, क्या अंतरराष्ट्रीय बाजार का है असर और क्या आगे घरेलू गैस भी सस्ती होगी, जानिए पूरी खबर।

कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ सस्ता

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

जुलाई 1, 2026

LPG Cylinder: देश की आम जनता और व्यवसायिक उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। विभिन्न तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 183 रुपये 50 पैसे की कटौती की है। यह बदलाव आज से लागू कर दिया गया है। इस फैसले के बाद होटल, ढाबों, छोटे उद्योगों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में उपयोग होने वाले सिलेंडर की लागत कम हो गई है, जिससे संबंधित क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

Haryana News: अब एक दिन में मिलेगा जे-फॉर्म, हरियाणा सरकार का किसानों को बड़ा तोहफा

वैश्विक हालात और कच्चे तेल की कीमतों का असर

जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हाल के समय में युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण गैस आपूर्ति मार्ग प्रभावित हुए थे, जिससे सप्लाई चेन में बाधाएं उत्पन्न हुई थीं। हालांकि, अब स्थिति में सुधार होने के बाद आपूर्ति व्यवस्था सामान्य हो गई है। साथ ही वैश्विक बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई है। इसी कारण तेल विपणन कंपनियों—भारत गैस, इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम—ने मिलकर कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती करने का निर्णय लिया है।

पिछले महीनों में लगातार बढ़ रहे थे दाम

गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार, पिछले लगभग पांच महीनों से लगातार कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ रहे थे। ऐसे में यह पहली बार है जब इतनी बड़ी राहत उपभोक्ताओं को मिली है। भिवानी के गैस एजेंसी संचालक हंसराज ने बताया कि 183 रुपये 50 पैसे की यह कटौती उद्योगों और व्यवसायों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इससे व्यापारिक लागत में कमी आएगी और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

उद्योगों और रोजगार पर सकारात्मक असर की उम्मीद

गैस कीमतों में आई इस कमी का असर औद्योगिक क्षेत्र पर भी देखने को मिलेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि कमर्शियल गैस सस्ती होने से छोटे और मध्यम उद्योगों की उत्पादन लागत घटेगी, जिससे उत्पादन बढ़ने की संभावना है। स्थानीय लोगों और व्यवसायियों का कहना है कि इससे रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न हो सकते हैं और महंगाई पर भी कुछ हद तक नियंत्रण संभव होगा।

भिवानी में लोगों ने फैसले का किया स्वागत

भिवानी के निवासियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती का स्वागत किया है। स्थानीय नागरिकों सुनील बत्तरा, महेंद्र, अजीत और राजेंद्र ने कहा कि सरकार के इस कदम से उन्हें राहत मिली है। उनका कहना है कि पहले बाहर से मंगवाकर खाना या व्यवसायिक कार्य करना महंगा पड़ता था, लेकिन अब लागत में कमी आने से दैनिक खर्चों में कुछ राहत मिलेगी।

Haryana News: निरवैर की अंतिम विदाई पर टूटा गांव, अंबाला में भावुक माहौल

घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी की मांग

हालांकि कमर्शियल गैस के दाम घटने से लोग संतुष्ट हैं, लेकिन आम जनता की मांग है कि इसी तरह घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में भी कमी की जाए। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि सरकार घरेलू गैस के दाम भी कम करती है तो महंगाई से जूझ रही आम जनता को बड़ी राहत मिल सकती है। लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में इस दिशा में भी सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।