Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इससे सटे एनसीआर क्षेत्रों में एक बार फिर मौसम और प्रदूषण ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार सुबह पूरे इलाके में घने कोहरे की मोटी परत देखने को मिली, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। इसका सीधा असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर पड़ा है। सड़कों पर वाहन बेहद धीमी रफ्तार से चलते नजर आए और कई जगहों पर ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति बन गई।
Weather Update: यूपी के 25 जिलों में बारिश और ओले, कई राज्यों में ठंड का अलर्ट
गुरुग्राम में चौथे दिन भी कोहरे का कहर

गुरुग्राम में लगातार चौथे दिन घना कोहरा छाया रहा। हालात इतने गंभीर रहे कि कई इलाकों में विजिबिलिटी घटकर मात्र 10 मीटर तक सिमट गई। सुबह के समय दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हाईवे से लेकर अंदरूनी सड़कों तक वाहन रेंगते हुए दिखाई दिए। कोहरे के साथ-साथ तापमान में गिरावट ने ठंड को और तेज कर दिया है, जिससे लोगों को सर्दी का अधिक एहसास हो रहा है।
प्रदूषण से नहीं मिल रही राहत
कोहरे के साथ-साथ वायु प्रदूषण भी दिल्लीवासियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। राजधानी की हवा लगातार खराब बनी हुई है और बुधवार को भी कोई खास राहत नहीं मिली। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह सात बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 312 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। इससे साफ है कि सांस लेना भी सेहत के लिए नुकसानदेह बना हुआ है।
कई इलाकों में AQI 350 से ऊपर
दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में AQI का स्तर बेहद चिंताजनक दर्ज किया गया। आनंद विहार में AQI 376, जहांगीरपुरी में 382, मुंडका में 381, विवेक विहार में 359 और चांदनी चौक में 358 रिकॉर्ड किया गया। रोहिणी, द्वारका, आईटीओ और बवाना जैसे इलाकों में भी AQI 330 से ऊपर रहा। एनसीआर के शहरों की बात करें तो गाजियाबाद में AQI 337, नोएडा में 297, ग्रेटर नोएडा में 282 और गुरुग्राम में 244 दर्ज किया गया।
पिछले दिनों के मुकाबले बढ़ा प्रदूषण स्तर
आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली का औसत AQI 272 था, जबकि सोमवार को यह 210 दर्ज किया गया था। यानी सिर्फ 24 घंटे में प्रदूषण स्तर में 62 अंकों की बढ़ोतरी देखने को मिली है। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक हवा की रफ्तार कम रहने के कारण प्रदूषण ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में ही बना रह सकता है।
AQI का पैमाना क्या कहता है?
CPCB के अनुसार, AQI 0 से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ माना जाता है। मौजूदा हालात को देखते हुए विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
Weather Today: आज बिगड़ेगा उत्तराखंड का मौसम, अंधड़ और बर्फबारी की संभावना










