Weather Update: देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार, 4 सितंबर को देश के 16 राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं दिल्ली-NCR में पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में राजधानी के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
Weather Update: दिल्ली में मौसम ने ली करवट, तापमान में आई बड़ी गिरावट
बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से बढ़ी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में विकसित हुए नए मौसम सिस्टम का असर उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्यों में दिखाई दे रहा है। इसके चलते अगले 2 से 4 दिनों तक कई इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ जलभराव और बाढ़ जैसे हालात भी बन सकते हैं।
16 राज्यों में बरसात का अलर्ट
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार 4 सितंबर को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, दिल्ली-NCR, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश हो सकती है। यूपी और एमपी के कई जिलों में सुबह से ही बारिश जारी है, जिसके कारण निचले इलाकों में पानी भरने और बाढ़ जैसी स्थिति देखने को मिल रही है।
यूपी के कई जिलों में भारी बारिश
उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला लगातार बना हुआ है। वाराणसी, प्रयागराज, पीलीभीत सहित करीब 23 जिलों में झमाझम बारिश की स्थिति है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह जलभराव और बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। भारी बारिश का असर नदियों के जलस्तर पर भी पड़ा है।
बिजनौर में गंगा नदी का पानी हाईवे तक पहुंचने की खबर है। वहीं बारिश के कारण जंगलों से वन्यजीवों के बाहर निकलने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, बांदा, मथुरा, कानपुर और फतेहपुर में बारिश की संभावना जताई है।
दिल्ली-NCR में कब मिलेगी गर्मी से राहत?
दिल्ली-NCR में बीते कुछ दिनों से बारिश नहीं होने के कारण उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक-दो दिनों में राजधानी के मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है। खास तौर पर 5 से 8 सितंबर के बीच दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश होने पर लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है। मॉनसून अब अपने अंतिम चरण में है, ऐसे में राजधानी में होने वाली बारिश महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मध्य प्रदेश में भी बिगड़े हालात
मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश के कारण जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने राज्य के 13 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सतना, सीधी, दमोह, छतरपुर और टीकमगढ़ सहित कई इलाकों में पिछले कुछ घंटों में तेज बारिश रिकॉर्ड की गई है।
पहाड़ों पर बारिश के साथ लैंडस्लाइड का खतरा
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश का दौर जारी है। हिमाचल के कई हिस्सों में बारिश के बाद सड़क यातायात प्रभावित हुआ है और कुछ इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। सोलन, बिलासपुर, शिमला, कुल्लू, कांगड़ा और लाहौल-स्पीति में बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग, ऋषिकेश, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, उत्तरकाशी और बागेश्वर में भी बारिश का अनुमान है। पहाड़ी इलाकों में मौसम को देखते हुए यात्रियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
अगले 2-3 दिन रहेंगे अहम
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों तक देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। बंगाल की खाड़ी से बने सिस्टम के चलते मॉनसून की सक्रियता बनी हुई है। ऐसे में यूपी, एमपी, बिहार समेत कई राज्यों में फिलहाल बारिश से राहत मिलने के आसार कम हैं, जबकि दिल्ली-NCR में अगले कुछ दिनों में बारिश होने से मौसम सुहावना होने की उम्मीद है।
Weather Update: दिल्ली में मौसम ने ली करवट, तापमान में आई बड़ी गिरावट









