Weather Today: आज बिगड़ेगा उत्तराखंड का मौसम, अंधड़ और बर्फबारी की संभावना

उत्तराखंड में सोमवार को मौसम शुष्क रहा, लेकिन मंगलवार को फिर बदलाव की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा और 2800 मीटर से ऊपर हिमपात का अनुमान है।

Weather Today

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

फ़रवरी 3, 2026

Weather Today: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बीते रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हुई वर्षा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद सोमवार को मौसम शुष्क बना रहा। अधिकांश मैदानी इलाकों में दिनभर तेज धूप खिली रही, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, शाम के समय पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल दिखाई दिए। हालांकि मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आज राज्य के मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।

Weather Update: दिल्ली में कोहरे का कहर, घनी धुंध से ढकी राजधानी, IMD का येलो अलर्ट

पर्वतीय इलाकों में बारिश और हिमपात के आसार

Weather Update
आज बिगड़ेगा उत्तराखंड का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तराखंड के कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 2800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इससे ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है और मौसम अचानक खराब हो सकता है। खासकर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात होने की आशंका है।

पहाड़ों पर बदला माहौल

सोमवार को देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही तेज धूप खिली रही, जिससे दिन के समय हल्की गर्माहट महसूस की गई। इसके विपरीत रविवार को दून में हल्की से मध्यम बारिश के तीन से चार दौर देखने को मिले थे। देर रात तक बूंदाबांदी भी दर्ज की गई थी। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद मौसम साफ होने से पर्यटन गतिविधियों में तेजी आई है। चकराता समेत कई हिल स्टेशनों पर पर्यटकों ने बर्फबारी का आनंद लिया और बर्फ में अठखेलियां करते नजर आए।

मैदानी जिलों में शुष्क मौसम

राज्य के मैदानी इलाकों की बात करें तो हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। हालांकि कुछ स्थानों पर सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे दिन में हल्की गर्मी और रात में ठंड का एहसास बना हुआ है।

येलो अलर्ट और अंधड़ की चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, पौड़ी और नैनीताल जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

विभिन्न शहरों का तापमान

Weather Update
आज बिगड़ेगा उत्तराखंड का मौसम

प्रदेश के प्रमुख शहरों में तापमान में भी अंतर देखने को मिल रहा है। देहरादून और ऊधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि मुक्तेश्वर और नई टिहरी जैसे पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान काफी कम बना हुआ है। कुल मिलाकर, आने वाले घंटों में उत्तराखंड के मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा और लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।

Weather Update: यूपी में मौसम का बदलेगा मिज़ाज, 10 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट