
Virat Kohli Birthday: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली आज यानी 5 नवंबर को अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। कोहली भले ही अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर पहुंच रहे हों, लेकिन मैदान पर उनका जलवा अब भी बरकरार है। फैंस को उम्मीद है कि वह 2027 तक वनडे क्रिकेट में इसी तरह धमाल मचाते रहेंगे। विराट कोहली ने खुद भी संकेत दिया था कि 2027 का वनडे वर्ल्ड कप उनका आखिरी आईसीसी टूर्नामेंट हो सकता है।
फिलहाल विराट कोहली सिर्फ वनडे फॉर्मेट में भारतीय टीम का हिस्सा हैं। खास बात यह है कि उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की शुरुआत भी वनडे से ही की थी। ऐसे में माना जा रहा है कि उनके शानदार करियर का अंत भी इसी फॉर्मेट के साथ हो सकता है। कोहली ने 18 अगस्त 2008 को श्रीलंका के खिलाफ अपना पहला इंटरनेशनल मुकाबला खेला था। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और दुनिया के महान बल्लेबाजों में अपनी जगह बना ली।
19 साल की उम्र में किया डेब्यू

विराट कोहली का जन्म 5 नवंबर 1988 को हुआ था। उन्होंने महज 19 साल की उम्र में वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया। हालांकि, शुरुआती दिनों में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले, क्योंकि उस समय टीम में कई बड़े और अनुभवी खिलाड़ी मौजूद थे। लेकिन कोहली ने अपनी बल्लेबाजी से जल्द ही सबका ध्यान खींचा और दो साल के अंदर टीम में अपनी जगह पक्की कर ली।
अगर उम्र के हिसाब से उनके वनडे रिकॉर्ड पर नजर डालें तो 28वां साल उनके लिए सबसे शानदार रहा। इस दौरान कोहली ने 1460 रन बनाए और 76.84 की औसत से बल्लेबाजी की। यही वह दौर था जब उनके बल्ले से लगातार बड़ी पारियां देखने को मिलीं और उन्होंने दुनिया के गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
19 से 29 साल तक बल्ले से बरसे रन
विराट कोहली के शुरुआती वनडे करियर के आंकड़े भी काफी दिलचस्प हैं। 19 साल की उम्र में उन्होंने 159 रन बनाए और उनका औसत 31.80 रहा। 20वें साल में 137 रन बनाए। इसके बाद 21 साल की उम्र में उनके बल्ले से 949 रन निकले, जबकि 22वें साल में उन्होंने 1372 रन ठोक दिए।23 साल की उम्र में कोहली ने 1269 रन बनाए और उनका औसत 70.50 तक पहुंच गया। 24वें साल में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन जारी रखा और 1033 रन बनाए। 25 साल की उम्र में उनके खाते में 982 रन आए, जबकि 26वें साल में उन्होंने 930 रन बनाए।
इसके बाद 27वें साल में कोहली ने 739 रन बनाए और उनका औसत 93.37 रहा। वहीं 28वें साल में 1460 रन बनाकर उन्होंने अपने करियर का शानदार दौर देखा। 29 साल की उम्र में भी उनका बल्ला खूब चला और उन्होंने 1202 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 133.6 रहा।
31 और 32 साल की उम्र में आई रनों की गिरावट

हर खिलाड़ी के करियर में उतार-चढ़ाव आते हैं और विराट कोहली भी इससे अछूते नहीं रहे। उनके करियर में एक ऐसा दौर भी आया, जब बल्ले से पहले जैसी बड़ी पारियां नहीं निकल रही थीं। 31 साल की उम्र में उन्होंने वनडे क्रिकेट में सिर्फ 347 रन बनाए। इसके बाद 32वें साल में भी उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा और वह 302 रन ही बना सके।इस दौरान कोहली को शतक के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ा। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करते रहे। 33 साल की उम्र में उनके खाते में 175 रन आए, जबकि 34वें साल में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए 1181 रन बना दिए।
37वें साल में फिर दिखा विराट कोहली का पुराना अंदाज
विराट कोहली ने उम्र बढ़ने के साथ कई बार अपने खेल से आलोचकों को जवाब दिया है। 35 साल की उम्र में उन्होंने 381 रन बनाए, जबकि 36वें साल में 43.62 की औसत से 349 रन बनाए।इसके बाद 37वें साल में कोहली ने एक बार फिर अपने बल्ले की ताकत दिखाई। इस दौरान उन्होंने 84.36 की शानदार औसत से 928 रन बनाए। उनके इस प्रदर्शन ने दिखा दिया कि उम्र सिर्फ एक आंकड़ा है और बड़े खिलाड़ियों का जुनून कभी कम नहीं होता।
अब सभी की नजरें विराट कोहली के आने वाले मैचों और 2027 वनडे वर्ल्ड कप पर हैं। फैंस चाहेंगे कि किंग कोहली अपने करियर के आखिरी बड़े टूर्नामेंट में भी यादगार प्रदर्शन करें और भारतीय टीम को विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाएं।











