Uttarakhand News: उत्तराखडं के सीएम धामी बुधवार को उत्तरकाशी के दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर और मां शक्ति मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद सीएम रामलीला मैदान में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा’ में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीएम के दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजान किए गए थे। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी सीएम धामी का जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातें साझा कीं।
काशी विश्वनाथ और मां शक्ति मंदिर को जोड़कर बनेगा कॉरिडोर
आपको बता दें कि, उत्तरकाशी दौरे के दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी ने काशी विश्वनाथ मंदिर और मां शक्ति मंदिर को जोड़कर एक नए कॉरिडोर के विकास की घोषणा की। इस परियोजना को धार्मिक पर्यटन और स्थानीय विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कॉरिडोर के विकसित होने से दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों को एक बेहतर और व्यवस्थित स्वरूप देने की योजना है। इससे श्रद्धालुओं की सुविधाओं में बढ़ोतरी के साथ क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। सरकार का प्रयास उत्तरकाशी को धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूत करने का है।
भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय के लिए केंद्र को भेजा जाएगा प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने भटवाड़ी क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय खोलने को लेकर भी अहम जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर संस्थानों और सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जाती रही है। ऐसे में केंद्रीय विद्यालय का प्रस्ताव क्षेत्र के बच्चों और अभिभावकों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ से जनसेवा का संदेश

रामलीला मैदान में आयोजित सभा में सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुरू की जा रही ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश की सेवा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यवस्था को जनता के घर तक ले जाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने ‘नर सेवा नारायण सेवा’ की भावना के साथ प्रत्येक व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की बात कही।
उत्तराखंड में रिवर्स पलायन का दावा
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में उत्तराखंड के विकास और पलायन से जुड़े मुद्दे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और राज्य के विकास को लेकर केंद्र सरकार लगातार सहयोग कर रही है। सीएम ने दावा किया कि प्रदेश में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन हुआ है। उन्होंने मातृशक्ति को मजबूत करने के लिए लखपति दीदी जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि सरकार रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।
विरोध की आशंका के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला, वहीं कांग्रेस ने उनके दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। संभावित विरोध को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी। पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश सचिव मनीष राणा को हिरासत में लिया। इसके अलावा कांग्रेस के कुछ अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी उनके घरों से हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।
Uttarakhand News: सीएम धामी ने एससी-एसटी समुदाय से किया संवाद,










