Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय होता दिखाई दे रहा है। पिछले दिन गौतम बुद्ध नगर, एटा, आगरा, गाजियाबाद समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम सुहावना हो गया है और सुबह से ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। मौसम के तेजी से बदलते मिजाज को देखते हुए प्रशासन को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
मौसम विभाग ने 26 सितंबर को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। कई जिलों में खराब मौसम को देखते हुए स्कूल-कॉलेज बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
Weather Update: बिहार में मौसम ने बदली करवट, 26 सितंबर को 3 जिलों में भारी
5 जिलों में रेड अलर्ट, भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर और गोंडा के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा वज्रपात का खतरा भी बना हुआ है। अत्यधिक बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट वाले जिलों के साथ राजधानी लखनऊ में भी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
चित्रकूट, बांदा, प्रयागराज, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर और महाराजगंज समेत 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में भारी बारिश और खराब मौसम की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रयागराज में पहले से कई स्थानों पर जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं, ऐसे में बारिश बढ़ने पर मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
इन जिलों में भी बारिश और आंधी का अलर्ट

बरेली, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, हरदोई, पीलीभीत, कानपुर, औरैया, इटावा, झांसी, उन्नाव, लखनऊ, मिर्जापुर, गाजीपुर और आजमगढ़ समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
लखनऊ में सितंबर का ठंडा दिन
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 26 सितंबर को प्रदेश में बारिश का दायरा और बढ़ने की संभावना है। बारिश के कारण ज्यादातर इलाकों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लखनऊ में 25 सितंबर का दिन ऐतिहासिक रूप से बेहद ठंडा रहा। शहर में अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले 25 सितंबर 2007 को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
32 जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा
भारी बारिश के बीच प्रदेश के 32 जिलों में आकस्मिक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया गया है। आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महाराजगंज समेत कई जिले इसकी चपेट में आ सकते हैं। इसके अलावा लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बहराइच और सीतापुर में भी फ्लैश फ्लड का खतरा बताया गया है।
सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

अत्यधिक बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों तक हर संभव मदद पहुंचाने को कहा है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि तेज बारिश, आकाशीय बिजली और खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलें। नदियों, तालाबों और जलाशयों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने तथा पानी में उतरने से बचने की सलाह दी गई है।
Weather Update: यूपी में बारिश का दौर जारी, तेज हवाओं और बिजली गिरने की










