Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता पिछले कुछ दिनों से कमजोर जरूर हुई है, लेकिन मंगलवार को कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और पीलीभीत समेत कई इलाकों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, बुधवार से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है। बारिश थमने के बाद तापमान बढ़ने के साथ उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
Weather Update: अगले 3 दिन सावधान! 23 जिलों में भारी बारिश, जानें अपने शहर
चार-पांच दिनों से कमजोर है मानसून
प्रदेश में बीते चार-पांच दिनों के दौरान मानसून की रफ्तार कुछ धीमी रही है। रविवार को कई इलाकों में बादलों की आवाजाही के बीच धूप भी देखने को मिली थी। सोमवार सुबह हालांकि आसमान में बादल छाए रहे और करीब 10 बजे के आसपास प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी कुछ क्षेत्रों में बारिश का असर बना रहेगा। इसके बाद बुधवार से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है और प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का दौर कमजोर पड़ जाएगा।
इन जिलों में आज बरसेंगे बादल
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक मंगलवार को श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और पीलीभीत सहित आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, बाराबंकी, बरेली और शाहजहांपुर समेत आसपास के जिलों में मध्यम से भारी वर्षा होने का अनुमान है।
हालांकि बुधवार से बारिश का दायरा काफी सीमित हो जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार इसके बाद प्रदेश के केवल कुछ जिलों में ही बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।
लखनऊ में बढ़ेगा तापमान, उमस करेगी परेशान
राजधानी लखनऊ में बुधवार से मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है। बारिश में कमी आने के साथ अधिकतम तापमान में करीब तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। सोमवार को बारिश के कारण लखनऊ में दिन का तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम शुष्क होने के बाद तापमान बढ़ने से वातावरण में उमस बढ़ सकती है और लोगों को गर्मी का एहसास दोबारा ज्यादा होने लगेगा।
बरेली में बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश ने इस बार कई रिकॉर्ड भी बनाए हैं। मौसम विभाग के अनुसार बरेली में पिछले 24 घंटे के दौरान 381.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो इस सीजन में अब तक की सबसे अधिक वर्षा है। शाहजहांपुर में 227 मिलीमीटर, बहराइच में 175 मिलीमीटर, लखीमपुर में 156 मिलीमीटर, एटा में 135 मिलीमीटर, कन्नौज में 110 मिलीमीटर, सिद्धार्थनगर में 102 मिलीमीटर और मुरादाबाद में 90.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। शाहजहांपुर में भी सीजन की सर्वाधिक बारिश दर्ज हुई है।
सितंबर के पहले सप्ताह में सामान्य से ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक एक से सात सितंबर के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य से छह प्रतिशत कम बारिश हुई, जबकि पश्चिमी यूपी में सामान्य से 10 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई। पूरे प्रदेश की बात करें तो इस अवधि में बारिश सामान्य से करीब एक प्रतिशत अधिक रही।
Weather Update: आज से फिर बरसेंगे बादल, आंधी-बिजली के साथ भारी बारिश










