Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। राजधानी लखनऊ में मंगलवार को दोपहर के समय अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। करीब डेढ़ घंटे तक हुई झमाझम बारिश से शहर के कई हिस्सों में सड़कों और रिहायशी इलाकों में पानी भर गया। कई स्थानों पर घुटनों तक जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। पिछले तीन-चार दिनों से प्रदेश में रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। इससे उमस और गर्मी से परेशान लोगों को काफी राहत मिली है।
Weather Update: मानसून की चाल ने चौंकाया, कम बारिश के बीच कई इलाकों में
बुधवार-गुरुवार को कई जिलों में तेज बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार को उत्तर प्रदेश के करीब 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी जताया गया है।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, लखनऊ में मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई थी। दोपहर करीब दो बजे अचानक घने बादल छा गए और दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल हो गया। तेज बिजली चमकने और गरजने के बीच वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट और डिपर का इस्तेमाल करना पड़ा।
शहीद पथ समेत कई इलाकों में जमकर बरसे बादल
लखनऊ के शहीद पथ, कमता तिराहा, पॉलिटेक्निक, आलमबाग, कानपुर रोड और बुद्धेश्वर चौराहे समेत शहर के कई हिस्सों में लगातार बारिश हुई। करीब डेढ़ घंटे तक चले बारिश के दौर ने यातायात व्यवस्था को भी प्रभावित किया।
शाम साढ़े पांच बजे तक राजधानी में कुल 59 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के चलते तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट आई। मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.8 डिग्री कम रहा।
लखनऊ में सामान्य बारिश का आंकड़ा पार
एक जून से एक सितंबर के बीच लखनऊ में सामान्य बारिश का औसत 523.9 मिलीमीटर माना जाता है। इस अवधि में अब तक राजधानी में 525.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हो चुकी है। यानी शहर में सामान्य से 1.6 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पांच सितंबर तक मध्य उत्तर प्रदेश के अलावा पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
इन जिलों में भारी बारिश की आशंका
बुधवार को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली और कानपुर नगर समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है।इसके अलावा प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, रायबरेली, कासगंज, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, जालौन और हमीरपुर समेत कई जिलों में भी भारी वर्षा का अलर्ट है।
प्रतापगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश
मंगलवार को प्रतापगढ़ में सबसे अधिक 147 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सोनभद्र में 140 मिलीमीटर, कानपुर शहर में 129.6 मिलीमीटर, बांदा में 110.8 मिलीमीटर और आजमगढ़ में 101.8 मिलीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा गाजीपुर में 95, कन्नौज में 94.2, चित्रकूट में 92, लखीमपुर खीरी में 90 और रायबरेली में 88.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।








