Petrol-Diesel Rate: देश की प्रमुख निजी ईंधन खुदरा कंपनियों में शामिल नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। नई दरें शनिवार से तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
Gold Rate Today: सोने के दाम में फिर उछाल, चांदी भी महंगी; खरीदने से पहले चेक
नायरा के हजारों पेट्रोल पंपों पर नई कीमतें लागू
आपको बता दें कि, मामले से जुड़े सूत्रों के अनुसार, नायरा एनर्जी ने देशभर में संचालित अपने करीब 7,108 पेट्रोल पंपों पर ईधन की नई कीमतें लागू कर दी है। यानी कंपनी के आउटलेट से पेट्रोल और डीजल खरीदने वाले ग्राहकों को अब पहले की तुलना में ज्यादा रकम चुकानी होगी।
ईंधन कीमतों में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब वैश्विक ऊर्जा बाजार में उतार-चढ़ाव और ऊंची कच्चे तेल की कीमतों का दबाव बना हुआ है। हालांकि, कीमत बढ़ाने को लेकर नायरा एनर्जी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले पर कंपनी के प्रवक्ता से टिप्पणी मांगी गई थी, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई जवाब नहीं मिला।
मार्च में भी बढ़ाए गए थे पेट्रोल-डीजल के दाम

नायरा एनर्जी इससे पहले भी इस साल ईंधन की कीमतों में बड़ा बदलाव कर चुकी है। 26 मार्च को कंपनी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये और डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। इस वृद्धि के बाद नायरा के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की कीमत 100.71 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 91.31 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई थी। यह बढ़ोतरी पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में कीमतों पर पड़े असर के बीच की गई थी। उस दौरान कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर ईंधन खुदरा कारोबार पर पड़ रहा था।
बाद में जुलाई में घटाए गए थे दाम
हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने के बाद नायरा एनर्जी ने अपने बढ़े हुए दाम वापस ले लिए थे। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के बाद कंपनी ने 1 जुलाई को पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये और डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की थी। इस तरह मार्च में की गई बढ़ोतरी के बाद जुलाई में ग्राहकों को कुछ राहत मिली थी। अब अक्टूबर में एक बार फिर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए जाने से नायरा के ग्राहकों पर ईंधन खर्च का अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।
सरकारी तेल कंपनियों की कीमतों में भी हुआ था बदलाव

नायरा की मार्च वाली बढ़ोतरी के बाद सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने भी मई में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने शुरू किए थे। इन कंपनियों ने अलग-अलग चरणों में कीमतों में वृद्धि की थी और मई के अंत तक पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कुल बढ़ोतरी करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई थी। 25 मई को हुई चौथी बढ़ोतरी में पेट्रोल 2.61 रुपये और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा किया गया था। ऐसे में वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों और पश्चिम एशिया की परिस्थितियों पर आगे भी ईंधन की कीमतों की दिशा काफी हद तक निर्भर रह सकती है।
Share Market News: शेयर बाजार में हाहाकार! 8 हफ्तों से लगातार गिरावट, 25










