Mohan Yadav Dubai Visit : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दुबई दौरे का तीसरा दिन निवेश, औद्योगिक सहयोग और सतत विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहा। 8 सितंबर को उन्होंने कई वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान वन-टू-वन बैठकों के साथ शारजाह चैंबर के अधिकारियों और एमार समूह के प्रमुख प्रतिनिधियों से भी बातचीत हुई। मुख्यमंत्री ने विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों को मध्य प्रदेश में निवेश के अवसरों की जानकारी देते हुए जनवरी 2027 में होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए आमंत्रित किया।
एआईएम इन्वेस्टमेंट अवॉर्ड्स में मध्य प्रदेश को सम्मान
मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम को एआईएम इन्वेस्टमेंट अवॉर्ड्स 2026 में ‘विनर एशिया’ का प्रतिष्ठित सम्मान मिला है। यह पुरस्कार प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आकर्षित करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और सतत विकास के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए दिया गया। यूएई के विदेश व्यापार मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयौदी ने मध्य प्रदेश को यह सम्मान प्रदान किया। इसे राज्य की निवेश संभावनाओं और औद्योगिक नीतियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

बड़े निवेश प्रस्तावों पर हुई अहम चर्चा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कई वैश्विक निवेशकों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। राणा होल्डिंग्स के साथ बातचीत में ग्रीन हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा, डेटा सेंटर और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में करीब 35,200 करोड़ रुपये यानी 4 अरब डॉलर के संभावित निवेश पर चर्चा हुई। इसके अलावा एनआईडीआई सर्विसेज के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंप्यूट कैंपस स्थापित करने की योजना पर भी बातचीत हुई। इस परियोजना का संभावित निवेश 1.5 से 2 अरब डॉलर बताया गया।
स्वास्थ्य और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में निवेश पर जोर
दौरे के दौरान स्वास्थ्य, ऊर्जा और लॉजिस्टिक्स जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर भी चर्चा हुई। बद्र जाफर और क्रेसेंट ग्रुप के साथ नवीकरणीय ऊर्जा तथा लॉजिस्टिक्स में सहयोग की संभावनाएं तलाशीं गईं। प्योर हेल्थ के प्रतिनिधियों के साथ मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल और टेलीमेडिसिन के क्षेत्र में निवेश को लेकर बातचीत हुई। वहीं शराफ ग्रुप के साथ मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क तथा चोइथराम्स के साथ खाद्य प्रसंस्करण और कृषि उत्पादों के वितरण नेटवर्क को विस्तार देने पर चर्चा की गई।

शारजाह चैंबर के साथ व्यापारिक सहयोग पर संवाद
मुख्यमंत्री ने शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस से मुलाकात की। दोनों पक्षों के बीच व्यापार, तकनीक और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बीईईएएच के मुख्यालय का दौरा किया और वहां वेस्ट-टू-एनर्जी तथा सर्कुलर इकोनॉमी से जुड़ी आधुनिक सुविधाओं को देखा। इंदौर के मॉडल के आधार पर सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
एमार समूह को शहरी विकास परियोजनाओं का न्योता
डॉ. मोहन यादव ने एमार प्रॉपर्टीज के संस्थापक मोहम्मद अलाब्बार से भी मुलाकात की। उन्होंने इंदौर की एमार कॉन्टिनेंटल सिटी परियोजना की सराहना करते हुए कंपनी को उज्जैन-इंदौर विकास कॉरिडोर में एकीकृत शहरी विकास परियोजनाओं के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने डाउनटाउन दुबई और बुर्ज खलीफा क्षेत्र के शहरी विकास मॉडल का भी अवलोकन किया और उससे जुड़े अनुभवों को मध्य प्रदेश के विकास के संदर्भ में समझा।

मध्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था और निवेश क्षमता का किया उल्लेख
दुबई में आयोजित मीडिया संवाद और ‘इन्वेस्ट इन मध्य प्रदेश’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य की आर्थिक प्रगति और निवेश संभावनाओं को सामने रखा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश 11 प्रतिशत से अधिक की आर्थिक विकास दर के साथ आगे बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, पिछले ढाई वर्षों में राज्य को 34 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री ने वैश्विक निवेशकों से जनवरी 2027 में भोपाल में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भाग लेने की अपील करते हुए उन्हें औपचारिक निमंत्रण दिया।
Read More : Chhattisgarh Politics : बृजमोहन अग्रवाल को केंद्र में नई जिम्मेदारी, अल्पसंख्यक मंत्रालय समिति में मिली जगह










