Mirzapur The Movie: लंबे इंतजार के बाद ‘मिर्जापुर द मूवी’ आखिरकार 4 सितंबर, शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। फिल्म के थिएटर रिलीज से पहले सबसे बड़ा सवाल यही था कि क्या OTT सीरीज के रूप में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर चुकी ‘मिर्जापुर’ की कहानी के लिए दर्शक सिनेमाघरों का रुख करेंगे? फिल्म के पहले दिन के कलेक्शन ने इस सवाल का जवाब काफी हद तक दे दिया है।
गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग में फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला था और सिनेमाघरों में पहुंचने के बाद भी दर्शकों की भीड़ देखने को मिली।
Mirzapur The Movie: रिलीज होते ही छाई ‘मिर्ज़ापुर द मूवी’, बॉक्स ऑफिस पर
पहले दिन कितनी हुई कमाई?
सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने ओपनिंग डे पर करीब 24.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। फिल्म ने हिंदी भाषा में लगभग 24.60 करोड़ रुपये कमाए, जबकि तेलुगु वर्जन से करीब 15 लाख रुपये की कमाई हुई। फिल्म की कहानी, डायलॉग्स, कलाकारों की एक्टिंग और क्लाइमेक्स को लेकर सोशल मीडिया पर भी दर्शकों की तरफ से प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। हालांकि, फिल्म की तीन घंटे से ज्यादा की लंबाई कुछ दर्शकों को जरूर भारी लगी, लेकिन इसके बावजूद ओपनिंग डे पर फिल्म ने मजबूत प्रदर्शन किया।
साल की तीसरी बड़ी ओपनर बनी फिल्म
करीब 24.75 करोड़ रुपये की शुरुआत के साथ ‘मिर्जापुर द मूवी’ 2026 की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। इतना ही नहीं, A-Rated फिल्मों की बात करें तो फिल्म ने पहले दिन की कमाई के मामले में चौथा स्थान हासिल किया है। इस प्रदर्शन के साथ फिल्म ने ‘सत्यमेव जयते’, ‘कबीर सिंह’, ‘कॉकटेल 2’ और ‘बागी 4’ जैसी A-Rated फिल्मों के ओपनिंग डे कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।
A-Rated फिल्मों की टॉप ओपनिंग
A-Rated फिल्मों की पहले दिन की कमाई वाली लिस्ट में ‘धुरंधर 2’ करीब 145 करोड़ रुपये के साथ सबसे ऊपर है। इसके बाद ‘एनिमल’ 63.8 करोड़ और ‘धुरंधर’ 28.6 करोड़ के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं। ‘मिर्जापुर द मूवी’ 24.75 करोड़ के साथ चौथे पायदान पर है। इसके बाद ‘सत्यमेव जयते’ 20.52 करोड़, ‘कबीर सिंह’ 20.21 करोड़, ‘कॉकटेल 2’ 14.10 करोड़, ‘बागी 4’ 13.2 करोड़, ‘ग्रैंड मस्ती’ 12.5 करोड़ और ‘वीरे दी वेडिंग’ 10.7 करोड़ के साथ टॉप-10 में शामिल हैं।
गुरमीत सिंह ने संभाली फिल्म की कमान
फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी और स्क्रीनप्ले पुनीत कृष्णा से जुड़ी है। एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने इसे प्रोड्यूस किया है। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी फिल्म के को-प्रोड्यूसर हैं।
पुरानी स्टारकास्ट के साथ नए ट्विस्ट
‘मिर्जापुर द मूवी’ में अली फजल, पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, राजेश तैलंग, श्रिया पिलगांवकर, श्वेता त्रिपाठी और शीबा चड्ढा समेत कई कलाकार नजर आ रहे हैं। फिल्म में जितेंद्र कुमार भी बबलू पंडित के किरदार में दिखाई दे रहे हैं। खास बात यह है कि सीरीज में यह भूमिका विक्रांत मैसी ने निभाई थी। वहीं रवि किशन भी फिल्म में नए अंदाज और नए किरदार के साथ नजर आ रहे हैं। शानदार ओपनिंग के बाद अब नजर इस बात पर है कि वीकेंड में ‘मिर्जापुर द मूवी’ बॉक्स ऑफिस पर कितनी बड़ी छलांग लगाती है।
जौहर टिप्पणी पर स्वरा भास्कर को मैथिली ठाकुर की खरी-खरी, कहा- समझ नहीं










