UP Politics: आकाश आनंद पर मायावती का बड़ा आरोप, अशोक सिद्धार्थ का भी लिया नाम

बसपा प्रमुख मायावती ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आकाश आनंद पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि आकाश आनंद अपने दिमाग से काम नहीं कर रहे हैं और अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में हैं। मायावती ने BSP संगठन में बदलाव, अपनी सेहत को लेकर फैल रही अफवाहों और BRICS घोषणापत्र पर भी प्रतिक्रिया दी।

UP Politics

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 13, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

UP Politics: बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने रविवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी संगठन, अपने हालिया फैसलों, भतीजे आकाश आनंद और BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी। मायावती ने पार्टी से निष्कासित कुछ नेताओं पर कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि उनके कड़े फैसलों से BSP को नुकसान नहीं बल्कि फायदा हुआ है।

मायावती की सेहत को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर BSP सुप्रीमो का पलटवार

UP Politics
मायावती की सेहत को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर BSP सुप्रीमो का पलटवार

बताते चले कि, मायावती ने दावा किया कि पार्टी से निकाले गए कुछ लोग पिछले एक-दो दिनों से कार्यकर्ताओं के बीच यह भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं कि वह बीमार चल रही हैं। BSP प्रमुख ने साफ कहा कि वह पूरी तरह ठीक हैं और लगातार पार्टी के कामकाज पर नजर रख रही हैं। उन्होंने इस तरह की चर्चाओं को पार्टी के भीतर भ्रम पैदा करने की कोशिश बताया।

आकाश आनंद ने पूछा- क्या मायावती बीमार हैं?

आपको बता दे कि, मायावती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक कथित फोन कॉल का जिक्र करते हुए कहा कि शनिवार रात 10 बजकर 4 मिनट पर उनके आवास पर मौजूद पार्टी इंचार्ज आलोक कुमार के पास आकाश आनंद का फोन आया था। मायावती के मुताबिक, आकाश आनंद ने उनसे पूछा था कि क्या मायावती बीमार चल रही हैं। आलोक कुमार ने जवाब दिया कि मायावती ठीक हैं और अपना काम कर रही हैं।

आकाश आनंद पर मायावती का बड़ा आरोप

UP Politics
आकाश आनंद पर मायावती का बड़ा आरोप

बसपा प्रमुख ने दावा किया कि बातचीत के बाद आकाश आनंद ने कथित तौर पर कहा कि यह बात बहनजी यानी मायावती को नहीं बताई जाए। मायावती ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर बताते हुए कहा कि आकाश आनंद की यह मानसिकता सही भी हो सकती है और गलत भी। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा लगता है कि आकाश आनंद अपने दिमाग से काम नहीं कर रहे हैं, बल्कि अशोक सिद्धार्थ के दिमाग से काम कर रहे हैं।

BSP संगठन में बड़ा बदलाव

मायावती ने बताया कि 3 सितंबर को BSP की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी, जो काफी लंबी चली। बैठक में पार्टी के कामकाज को युद्ध स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए संगठन को तीन सेक्टर में बांटने का फैसला लिया गया। पहले सेक्टर में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को रखा गया है। मायावती ने कहा कि इस क्षेत्र की जिम्मेदारी उनके दिशानिर्देश में आगे बढ़ाई जा रही है।

केंद्रीय सेक्टर प्रभारी देंगे रिपोर्ट, आनंद कुमार संभालेंगे निगरानी

BSP प्रमुख ने कहा कि अन्य क्षेत्रों को भी अलग-अलग सेक्टर में बांटा गया है। संबंधित सेक्टरों के केंद्रीय सेक्टर प्रभारी दिल्ली जाकर पार्टी नेतृत्व को अपनी रिपोर्ट देते रहेंगे। वहीं आनंद कुमार पार्टी के कामकाज की प्रगति रिपोर्ट लेते रहेंगे। मायावती के मुताबिक, मुख्य सेक्टर प्रभारी का पद खत्म कर दिया गया है और अब इन सभी कार्यों की सीधी रिपोर्ट पार्टी के उपाध्यक्ष आनंद कुमार उन्हें देंगे।

BRICS सम्मेलन और दिल्ली घोषणापत्र को मायावती ने बताया बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि

UP Politics
BRICS सम्मेलन और दिल्ली घोषणापत्र को मायावती ने बताया बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मायावती ने BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान अपनाए गए 140 पैराग्राफ वाले दिल्ली घोषणापत्र की भी चर्चा की। उन्होंने इसे भारत के लिए बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि बताया। मायावती ने कहा कि घोषणापत्र में फिलिस्तीन के लिए दो-देश समाधान और 1967 की सीमाओं के आधार पर स्वतंत्र फिलिस्तीनी राष्ट्र के समर्थन को जगह दी गई है।

आतंकवाद पर भारत के रुख को मिला समर्थन, पहलगाम हमले का जिक्र

मायावती ने कहा कि घोषणापत्र में पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए आतंकवाद से हर संभव तरीके से निपटने की प्रतिबद्धता जताई गई है। उन्होंने कहा कि इससे आतंकवाद के मुद्दे पर भारत के दृष्टिकोण को उचित स्थान मिला है। BSP प्रमुख ने इसे देश के लिए सराहनीय कदम बताया।

भारत-चीन सीमा विवाद पर भी मायावती की प्रतिक्रिया

भारत और चीन के बीच सीमा विवाद को लेकर भी मायावती ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सीमा का मुद्दा जितनी जल्दी हल हो जाए, उतना ही बेहतर होगा। मायावती के मुताबिक, सीमा विवाद का समाधान दोनों देशों के हित में है और इसे जल्द सुलझाने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए।

आकाश आनंद विवाद से BRICS तक, मायावती के बयान के सियासी मायने

मायावती की प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक तरफ BSP के भीतर संगठनात्मक बदलाव और आकाश आनंद को लेकर तीखे आरोप सामने आए, तो दूसरी तरफ BRICS सम्मेलन और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी उन्होंने अपनी राय रखी। ऐसे में मायावती के बयानों को पार्टी संगठन को लेकर उनके रुख और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

2