
Maharashtra MLC Election Result: महाराष्ट्र विधान परिषद (MLC) की 5 सीटों पर हुए चुनाव के नतीजों और मतगणना के बीच महायुति के प्रमुख घटक दल एनसीपी (अजित पवार गुट) को करारा झटका लगता दिख रहा है। सत्ता में होने के बावजूद पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने अपनी ही पार्टी को आत्म-मंथन करने की कड़ी नसीहत दी है। उन्होंने इन चुनावी नतीजों को पार्टी के लिए एक स्पष्ट ‘चेतावनी’ करार दिया है।
“नतीजे स्पष्ट चेतावनी, लोगों का भरोसा जीतना जरूरी” – प्रफुल्ल पटेल

चुनावी रुझानों और नतीजों के सामने आते ही प्रफुल्ल पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लिखा, “विधान परिषद चुनाव के नतीजे एक स्पष्ट चेतावनी हैं। अब वक्त आ गया है कि हम गंभीरता से इस पर आत्म-मंथन करें, ताकि लोगों का भरोसा फिर से जीता जा सके, अपनी प्राथमिकताओं को नए सिरे से तय किया जा सके और अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत किया जा सके।”
बीजेपी और शिंदे गुट की शिवसेना का खाता खुला

कुल 5 विधान परिषद सीटों में से दो सीटों के परिणाम घोषित हो चुके हैं, जबकि तीन सीटों पर मतगणना की प्रक्रिया जारी है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार कौस्तुभ गावडे ने जीत हासिल की है। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के प्रत्याशी किरण सरनाईक ने सफलता दर्ज की है। पुणे स्नातक, नागपुर स्नातक और छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) स्नातक सीटों पर वोटों की गिनती अभी जारी है।

5 MLC सीटों का चुनावी गणित और बगावत का साया

अधिकारियों के अनुसार, इन 5 विधान परिषद क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था, जिसमें रिकॉर्ड 72.96 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर को समाप्त हो रहा है, जिसके चलते यह चुनाव आयोजित कराया गया।
इस चुनाव में कुल 182 उम्मीदवार मैदान में थे। राज्य के दोनों प्रमुख गठबंधनों—सत्ताधारी महायुति (बीजेपी, शिंदे शिवसेना और एनसीपी) और विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) (कांग्रेस, शरद पवार एनसीपी और शिवसेना यूबीटी)—ने सभी पांचों सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे। हालांकि, चुनाव के दौरान दोनों ही गठबंधनों को बागी उम्मीदवारों की कड़ी चुनौती और भीतरघात का सामना करना पड़ा, जिसका असर नतीजों पर साफ दिखाई दे रहा है।
Maharashtra News : मुंबई में अमित शाह और एकनाथ शिंदे की मुलाकात, एशियाटिक कार्यक्रम में साथ











