Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। गोसाईगंज थाना क्षेत्र में ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार चार मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि चारों मजदूरों की जान चली गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
Lucknow News: लखनऊ के नए विधायक निवास में सातवीं मंजिल से गिरकर पूर्व
सुल्तानपुर हाईवे पर हुआ भीषण हादसा
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना शनिवार तड़के सामन गंगागंज के पास सुल्तानपुर हाईवे पर हुई। ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक चालक का नियंत्रण खो बैठी और सड़क पर पलट गई। ट्रॉली के नीचे दबने से चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
क्रेन की मदद से निकाले गए मजदूर
हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालना आसान नहीं था। NHAI की क्रेन की सहायता से पलटी हुई ट्रॉली को हटाया गया। इसके बाद सभी घायलों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गोसाईगंज पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक गंभीर रूप से घायल मजदूर को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। हालांकि रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में चार परिवारों के बुझ गए चिराग
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान संदीप रावत (25 वर्ष), पीतांबर रावत (35 वर्ष), पवन रावत (25 वर्ष) निवासी इलिचपुर मजरे पडरांवा, थाना कोठी, जनपद बाराबंकी तथा बलराम रावत निवासी सरायनदर, थाना कोठी, बाराबंकी के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे के बाद परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
ईंट-भट्ठे पर काम करते थे सभी मजदूर
गोसाईगंज इंस्पेक्टर डी.के. सिंह ने बताया कि मृतक पीतांबर रावत ग्राम अचकाकामऊ स्थित देशराज के आरबीएफ ईंट-भट्ठे पर ट्रैक्टर चालक के रूप में कार्यरत था। वहीं अन्य तीन मजदूर ईंटों की लोडिंग और अनलोडिंग का काम करते थे। सभी मजदूर काम खत्म कर लौट रहे थे या ईंटों की ढुलाई के दौरान हादसे का शिकार हुए।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस तकनीकी और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
यातायात फिर हुआ सामान्य
राहत और बचाव कार्य पूरा होने के बाद प्रशासन ने पलटी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली को हाईवे से हटवा दिया। इसके बाद सुल्तानपुर हाईवे पर यातायात को दोबारा सुचारु रूप से शुरू करा दिया गया। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल इस दर्दनाक हादसे ने स्वतंत्रता दिवस की खुशियों के बीच चार परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया है।
Lucknow News: पप्पू यादव विवाद ने पकड़ा तूल, लखनऊ में प्रदर्शन के बाद










