Lucknow Murder Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बेहद चौंकाने वाली हत्या की घटना सामने आई है। पारा थाना क्षेत्र के नरपतखेड़ा इलाके में एक 17 वर्षीय छात्रा की उसके परिचित युवक ने कथित तौर पर घर में घुसकर चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार नहीं हुआ, बल्कि छात्रा के शव के पास बैठकर मोबाइल चलाता रहा। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू को भी बरामद कर लिया है।
घर में अकेली थी छात्रा, तभी पहुंचा आरोपी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के समय छात्रा के माता-पिता किसी काम से अमेठी गए हुए थे। छात्रा अपनी बड़ी बहन के साथ घर पर रह रही थी। बुधवार दोपहर उसकी बहन कॉलेज के लिए बाहर गई थी। इसी दौरान छात्रा का दोस्त देवांश पाठक उसके घर पहुंचा। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोपी ने छात्रा पर चाकू से हमला कर दिया।
बहन के लौटने पर हुआ घटना का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, करीब 40 मिनट बाद जब छात्रा की बड़ी बहन कॉलेज से वापस घर पहुंची तो उसने कमरे में बहन को खून से लथपथ हालत में देखा। यह दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गई। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को वहीं से गिरफ्तार कर लिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण सबूत भी जुटाए हैं।
दो साल से एक-दूसरे को जानते थे छात्रा और आरोपी
जांच में पता चला है कि मृतका और आरोपी देवांश पाठक एक-दूसरे को करीब दो साल से जानते थे। दोनों एक ही कॉलेज में बीसीए की पढ़ाई कर रहे थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों के बीच दोस्ती थी, लेकिन पिछले कुछ समय से रिश्तों में तनाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी को छात्रा का अन्य युवकों से बातचीत करना पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
हत्या के बाद भी घटनास्थल पर मौजूद रहा आरोपी
इस वारदात का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी वहां से भागने की कोशिश नहीं की। पुलिस के अनुसार, वह छात्रा के शव के पास ही मौजूद रहा और मोबाइल फोन चलाता रहा। पुलिस ने उसे मौके से ही पकड़ लिया। अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या के पीछे की सही वजह और घटना के पूरे क्रम को समझने की कोशिश की जा रही है।
Lucknow News: पप्पू यादव विवाद ने पकड़ा तूल, लखनऊ में प्रदर्शन के बाद सियासत गरमाई
हत्या का मामला दर्ज, पुलिस कर रही जांच
डीसीपी पश्चिमी कमलेश दीक्षित ने बताया कि मृतका के परिवार की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञ मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।










