Lucknow News: लोहिया संस्थान में बढ़ेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं, 300 बेड के ट्रॉमा सेंटर की तैयारी तेज

लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में यूपी का दूसरा 300 बेड वाला उन्नत ट्रॉमा सेंटर बनाया जाएगा। करीब साढ़े चार एकड़ जमीन पर प्रस्तावित इस सेंटर से गंभीर हादसों में घायल मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा। संस्थान में 1,010 बेड के अस्पताल, क्रिटिकल केयर ब्लॉक और नई चिकित्सा सुविधाओं का भी विस्तार होगा।

Lucknow News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 14, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

Lucknow News: लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में गंभीर हादसों में घायल मरीजों को जल्द और बेहतर इलाज की सुविधा मिलने वाली है। संस्थान में उत्तर प्रदेश का दूसरा 300 बेड का उन्नत ट्रॉमा सेंटर विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। यह ट्रॉमा सेंटर शहीद पथ परिसर से लगी करीब साढ़े चार एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा। प्रदेश में पहला उन्नत ट्रॉमा सेंटर केजीएमयू में संचालित है, जिसकी क्षमता 450 बेड है।

मुख्यमंत्री योगी की मौजूदगी में पेश हुई प्रगति रिपोर्ट

Lucknow News
मुख्यमंत्री योगी की मौजूदगी में पेश हुई प्रगति रिपोर्ट

बताते चले कि, लोहिया संस्थान के छठवें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में संस्थान की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पेश की गई। संस्थान के निदेशक डॉ. सीएम सिंह ने बताया कि विस्तार योजना के तहत 1,010 बेड के अस्पताल और 1,085 नए पदों को मंजूरी मिल चुकी है। इससे मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता भी बढ़ेगी।

रोबोटिक सर्जरी और किडनी ट्रांसप्लांट में लोहिया की बड़ी उपलब्धि

निदेशक के मुताबिक लोहिया संस्थान में अब तक करीब 600 रोबोटिक सर्जरी की जा चुकी हैं। संस्थान में उत्तर प्रदेश का दूसरा रोबोटिक किडनी ट्रांसप्लांट भी सफलतापूर्वक किया गया है। इसके अलावा मरीजों की सुविधा के लिए इमरजेंसी में एंबुलेंस से उतरने के बाद उन्हें संबंधित विभाग तक पहुंचाने के लिए पोर्टर सुविधा शुरू की गई है। संस्थान का दावा है कि यह सुविधा शुरू करने वाला लोहिया देश का पहला सरकारी संस्थान है।

लोहिया संस्थान में नए स्टाफ को नियुक्ति पत्र

आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, स्थापना दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 14 तकनीकी और पैरामेडिकल स्टाफ को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए। संस्थान में मानव संसाधन बढ़ाने की योजना के तहत 1,085 नए पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इससे अस्पताल की विभिन्न चिकित्सा और सहायक सेवाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

सीओपीडी और क्रिटिकल केयर पर हिंदी पुस्तकों का विमोचन

समारोह में लोहिया संस्थान के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. अजय कुमार वर्मा की पुस्तक ‘सीओपीडी: सही जानकारी, सही देखभाल’ का विमोचन किया गया। इसे सीओपीडी विषय पर पहली हिंदी पुस्तक बताया गया। इसके साथ ही डॉ. एसएस नाथ की पुस्तक ‘क्रिटिकल केयर पर्ल्स’ का भी विमोचन हुआ। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह और अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष मौजूद रहे।

ब्रजेश पाठक बोले- मेहनत और लगन से दुनिया जीती जा सकती है

Lucknow News

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लोहिया संस्थान की छह वर्षों की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने जिस तेजी से चिकित्सा क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है, वह उल्लेखनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां से भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार हासिल करने वाला वैज्ञानिक भी निकल सकता है। छात्रों से उन्होंने कहा कि केवल डिग्री और अच्छे अंक पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि कौशल, मेहनत और लगन के जरिए बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

लोहिया संस्थान में बढ़ेंगे बेड और नई चिकित्सा सुविधाएं

भविष्य की योजनाओं के तहत लोहिया संस्थान में 1,010 बेड का ब्रॉड-स्पेशियलिटी अस्पताल और 100 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक विकसित किया जाएगा। इसके अलावा 510 बेड का पीआरए, बहुमंजिला पार्किंग और 888 क्षमता वाला छात्रावास भी प्रस्तावित है। न्यूरोसाइंसेज सेंटर, नर्सिंग कॉलेज और खेल परिसर के विस्तार की योजना भी तैयार की गई है।

सुपर स्पेशियलिटी और इमरजेंसी सेवाओं का होगा विस्तार

संस्थान में सुपर-स्पेशियलिटी और इमरजेंसी विभागों में बेड की संख्या बढ़ाई जाएगी। साथ ही बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी, प्रजनन चिकित्सा और वृद्धजन देखभाल केंद्र जैसी नई चिकित्सा सेवाएं शुरू की जाएंगी। इन विस्तार योजनाओं का उद्देश्य गंभीर और जटिल बीमारियों के मरीजों को एक ही संस्थान में बेहतर विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराना है।

लोहिया में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों का लोकार्पण

Lucknow News

स्थापना दिवस पर संस्थान में कई अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का शुभारंभ भी किया गया। हॉस्पिटल ब्लॉक में रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग की इंडोब्रोंकियल अल्ट्रासाउंड मशीन और 40 बेड के इमरजेंसी मेडिसिन वार्ड का लोकार्पण हुआ। ऑन्कोलॉजी भवन में पीएमआर विभाग की नेविगेटेड आरटीएमएस मशीन, रेडियोलॉजी विभाग की 1.5 टेस्ला एमआरआई और रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग की 4-डी सीटी सिमुलेटर सुविधा भी शुरू की गई।

अंग प्रत्यारोपण और मातृ-शिशु सेवाओं में भी विस्तार

न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग में स्पेक्ट सीटी मशीन शुरू की गई। मुख्य चिकित्सा भवन के छठे और सातवें तल पर अंग प्रत्यारोपण यूनिट का शुभारंभ हुआ। वहीं राम प्रकाश गुप्ता मेमोरियल मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में रेडियोडायग्नोसिस ब्लॉक के पास 100 मरीजों की क्षमता वाला वेटिंग हॉल और उसके ऊपर अतिरिक्त तल का भी उद्घाटन किया गया।

मुख्यमंत्री ने चिकित्सा क्षेत्र के कर्मियों को किया सम्मानित

समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संस्थान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में डॉ. विक्रम सिंह, डॉ. आलोक श्रीवास्तव, डॉ. अजय कुमार वर्मा, डॉ. ऋचा चौधरी, डॉ. आशीष चंद्र अग्रवाल, डॉ. रश्मि कुमारी, डॉ. मिली सेंगर, डॉ. आयुषी विग, डॉ. पद्मनिधि अग्रवाल और डॉ. शिवम वर्मा शामिल रहे। नर्सिंग क्षेत्र में उमा पांडेय और मुख्य नर्सिंग अधिकारी सुमन सिंह को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

लखनऊ में मजबूत होगी इमरजेंसी और ट्रॉमा केयर व्यवस्था

लोहिया संस्थान में 300 बेड के उन्नत ट्रॉमा सेंटर, नए अस्पताल ब्लॉक, क्रिटिकल केयर सुविधाओं, आधुनिक उपकरणों और अतिरिक्त चिकित्सकीय पदों के विस्तार से राजधानी की स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ा आधार मिलने की उम्मीद है। खास तौर पर सड़क हादसों और अन्य दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल मरीजों के लिए आधुनिक ट्रॉमा सेंटर एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित हो सकता है।

2