Lucknow Hit and Run Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चर्चित गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर-4 पर हुए हिट एंड रन मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने कार चालक और मुख्य आरोपी शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर एक युवती को कार के बोनट पर घसीटने और उसे कुचलने का गंभीर आरोप है। इस बीच, इस मामले में तब एक नया मोड़ आ गया जब पीड़िता और आरोपी शाहनवाज का एक पुराना वीडियो सामने आया, जिससे इस पूरी घटना की परतें खुलने लगी हैं।
Weather Update: यूपी में मानसून की विदाई शुरू! 35 जिलों में बारिश का अलर्ट, जानें कब बदलेगा मौसम
करीब ढाई महीने पुराना बताया जा रहा है वीडियो

सामने आया यह वीडियो लगभग 36 सेकंड का है और इसे करीब ढाई महीने पुराना बताया जा रहा है। इस वायरल वीडियो में युवती खुद अपने मोबाइल से रिकॉर्डिंग करती हुई नजर आ रही है। वीडियो में वह शाहनवाज के साथ अपने संबंधों को खुलकर स्वीकार करती दिख रही है।
वीडियो में युवती कहती सुनाई दे रही है कि यह उसका बॉयफ्रेंड है और दोनों के बीच रिश्ता है। वह आगे कहती है कि शाहनवाज उसे छोड़ना चाहता है, लेकिन वह खुद उसे छोड़ना नहीं चाहती। युवती के मुताबिक, उसने शाहनवाज से एक-दो महीने का समय मांगा था और कहा था कि वह खुद उसे छोड़ देगी, और अगर वह नहीं छोड़ेगी तो लड़का उसे छोड़ सकता है। बातचीत के दौरान एक अन्य वीडियो में जब शाहनवाज सिर मुंडवाने की बात कहता है, तो युवती उसे रोकती है। वीडियो में वह यह भी मानती नजर आ रही है कि वह खुद शाहनवाज के पास गई थी और इसमें लड़के की कोई गलती नहीं है। उसने जबरन फोन से नंबर निकाला था, जबकि शाहनवाज को डर था कि बात न करने पर विवाद हो सकता है।
पहचान छिपाने के आरोपों पर पुलिस का स्पष्टीकरण

इस हिट एंड रन मामले में ‘लव जिहाद’ और पहचान छिपाकर दोस्ती करने जैसे गंभीर आरोप भी सामने आए थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ये पुराने वीडियो अब इस मामले को एक नई दिशा दे रहे हैं। पुलिस ने इन दोनों वीडियो को अपनी आधिकारिक विवेचना का अहम हिस्सा बना लिया है।
हालांकि, आरोपी द्वारा पहचान छिपाने के दावों पर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पीड़िता द्वारा थाने में दी गई मूल लिखित तहरीर में इस बात का कोई भी जिक्र नहीं था कि शाहनवाज ने अपनी पहचान छिपाकर उससे दोस्ती की थी।
आरोपी का दावा और पुलिस की आगे की कार्रवाई
जनेश्वर मिश्र पार्क के बाहर हुई इस खौफनाक घटना के बाद हिरासत में लिए गए आरोपी शाहनवाज ने पुलिस के सामने अलग ही दावा किया है। उसका कहना है कि उसे झूठे आरोपों में फंसाया जा रहा है और बदनाम किया जा रहा है। आरोपी का यह भी आरोप है कि युवती पिछले छह-सात महीनों से उसका पीछा कर रही थी और उससे रुपये भी लिए थे।
इस बीच, पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई उस कार को बरामद कर लिया है, जिसके आगे ‘अधिवक्ता’ (Advocate) लिखा हुआ था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के वक्त युवती को बोनट पर घसीटने के वायरल वीडियो के साथ-साथ अब सामने आए इन पुराने वीडियो को भी आधार बनाया जा रहा है। पुलिस दोनों पक्षों से गहनता से पूछताछ कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Lucknow Weather: लखनऊ में अचानक बदला मौसम, आंधी के बाद झमाझम बारिश










