
Mallikarjun Kharge News: बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक बार फिर से अपनी पार्टी लाइन के बयान को दोहराया है. खरगे ने पश्चिम बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र और हरियाणा की सरकारों को ‘चोरी की सरकार’ और ‘वोट चोरी वाली सरकार’ बताया। इसी दौरान जब एक व्यक्ति ने कहा कि मोदी कभी नहीं जाएंगे, तो खरगे की जबान उनके नियंत्रण से बाहर हो गई और उन्होंने कहा, ‘मोदी का बाप भी जाएगा।’ जिसके बाद कार्यक्रम में हंगामे जैसी स्थिति बन गई।
राहुल गांधी को लेकर खरगे का बड़ा बयान

कांग्रेस अध्यक्ष ने संसद की कार्यवाही और राहुल गांधी को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद चलने के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सदन में आने से डरते हैं। राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर खरगे ने कहा कि वह अपने काम से बाहर गए हैं और लौटने पर सरकार को जवाब देंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी के नेताओं को हर समय राहुल गांधी की ही चिंता रहती है और उनके सपनों में भी राहुल गांधी आते हैं।
श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर उनके योगदान को किया याद
कार्यक्रम में खरगे ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह को उनकी 139वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि श्री बाबू ने लोकतंत्र को मजबूत करने और कमजोर वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण काम किए। खरगे के मुताबिक, श्रीकृष्ण सिंह ने जमींदारी प्रथा खत्म करने और भूमि सुधार लागू करने में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि श्री बाबू भूमिहार समुदाय से आते थे, इसके बावजूद उन्होंने जमींदारी व्यवस्था के खिलाफ कदम उठाए।
शिक्षा, स्वास्थ्य और छुआछूत के मुद्दे पर BJP-RSS पर हमला
खरगे ने कहा कि श्रीकृष्ण सिंह के कार्यकाल में बिहार में फैक्ट्रियों और उद्योगों की स्थापना हुई। शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में भी काम किया गया। उन्होंने दावा किया कि श्री बाबू ने छुआछूत के खिलाफ अभियान चलाया और दलितों को बैद्यनाथ धाम मंदिर में प्रवेश दिलाने में भूमिका निभाई।

खरगे ने बीजेपी और आरएसएस पर सामाजिक भेदभाव की मानसिकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने उत्तराखंड के हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण की घटना का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि आजादी के इतने साल बाद भी अगर छुआछूत जैसी सोच मौजूद है, तो देश किस दिशा में जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले पर प्रधानमंत्री की चुप्पी भी सवाल खड़े करती है।
नीतीश कुमार की विचारधारा पर भी उठाए सवाल

खरगे ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग कभी समाजवादी विचारधारा की बात करते थे, वे आज बीजेपी और आरएसएस के साथ खड़े हैं। उनके मुताबिक, जब विचारधारा कमजोर पड़ती है, तो ऐसे राजनीतिक बदलाव देखने को मिलते हैं। खरगे ने महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश के लिए बड़ी कुर्बानियां दी हैं और आज राहुल गांधी भी लड़ाई लड़ रहे हैं।
राम मंदिर, महिला आरक्षण और वोट चोरी पर बीजेपी को घेरा
कांग्रेस अध्यक्ष ने बीजेपी पर कांग्रेस सरकारों के कामों का श्रेय लेने और गलतियों का ठीकरा कांग्रेस पर फोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने राम मंदिर से जुड़े चंदे और गहनों की चोरी का आरोप भी लगाया, हालांकि इस दावे के समर्थन में उन्होंने कार्यक्रम में कोई प्रमाण पेश नहीं किया। महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर भी उन्होंने केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए।
‘आजादी की दूसरी लड़ाई’ बताकर संविधान बचाने की अपील
अपने भाषण के आखिर में खरगे ने मौजूदा राजनीतिक हालात को ‘आजादी की दूसरी लड़ाई’ बताते हुए लोगों से अपने अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के बीच कथित मिलीभगत का आरोप लगाया और मुख्य चुनाव आयुक्त को संरक्षण देने वाले कानून पर सवाल उठाए। खरगे ने कहा कि देश में लोकतंत्र की जगह तानाशाही जैसी स्थिति बन रही है। उनके इस पूरे भाषण के बाद बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज होने की संभावना है।











