
Jhunjhunu Accident News: राजस्थान के झुंझुनूं जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ सड़क निर्माण के काम में जुटे 8 श्रमिकों की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। यह भीषण हादसा उस वक्त हुआ जब निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही रोड़ी मिलाने वाली (मिक्सर) मशीन ऊपर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई। हाईटेंशन लाइन से उतरा करंट इतना तेज था कि मौके पर काम कर रहे मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और 8 लोगों की मौके पर ही जान चली गई। वहीं, 3 अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस भयावह घटना के बाद पूरे क्षेत्र और पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया है।
Rajasthan Weather: जयपुर समेत 4 संभागों में बदलेगा मौसम, 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी तेज ह
अचानक जमीन पर उतरा करंट, मौके पर मच गई चीख-पुकार

यह दर्दनाक हादसा जिले के छापोली गांव से कदम कुंड की ओर जाने वाले रास्ते पर हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, गांव के पास वन क्षेत्र से गुजरने वाली एक सड़क को पक्का करने का काम ग्रामीणों और मजदूरों द्वारा मिलकर कराया जा रहा था। कार्य में तेजी लाने के लिए मौके पर कंक्रीट और रोड़ी मिलाने वाली भारी मिक्सर मशीन बुलाई गई थी।
सड़क निर्माण के दौरान जैसे ही मशीन को आगे बढ़ाया गया, उसका ऊपरी हिस्सा सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली की लाइन से छू गया। संपर्क में आते ही पूरी मशीन में हाईवोल्टेज करंट दौड़ गया और करंट जमीन पर फैल गया। मशीन के पास खड़े और काम में लगे मजदूर देखते ही देखते बिजली के झटके की चपेट में आ गए। करंट इतना भीषण था कि मजदूरों के शरीर से धुआं निकलने लगा और वे बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़े। देखते ही देखते 8 मजदूरों की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई।
प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद, मुख्यमंत्री ने दिए जांच के निर्देश

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उदयपुरवाटी के थानाधिकारी रामपाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार सुबह सड़क निर्माण के दौरान मिक्सर मशीन हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गई थी, जिसके बाद यह हादसा हुआ। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस बेहद दुखद घटना पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (ट्विटर) पर संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा कि झुंझुनूं में हुआ हादसा अत्यंत हृदयविदारक है। मुख्यमंत्री ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के कड़े निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, उन्होंने प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता पहुंचाने और हादसे के कारणों की गहन जांच के आदेश जारी किए हैं।
Rajasthan News : झुंझुनूं में सड़क निर्माण के दौरान आठ मजदूरों की मौत, आखिर कैसे हुआ हादसा?











