IndiGo Flight: दिल्ली से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट का सफर किसी बुरे सपने जैसा साबित हुआ। खराब मौसम और भारी टर्बुलेंस (अचानक हवा के तेज झोंके) के चलते इंडिगो की फ्लाइट (6E 864) अपने निर्धारित समय पर मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सकी। मौसम की खतरनाक स्थिति और सुरक्षा कारणों के चलते विमान को मुंबई की बजाय गुजरात के सूरत एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा, जहां विमान उतरने के बाद यात्री पिछले दो घंटों से अधिक समय से फंसे हुए हैं। इस पूरी घटना के बाद एयरलाइन की व्यवस्थाओं और लाइव स्टेटस अपडेट पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
Gorakhpur News: ‘रामद्रोहियों को बर्दाश्त नहीं अयोध्या का वैभव’, योगी
खराब मौसम और टर्बुलेंस के कारण हवा में मंडराता रहा विमान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंडिगो की यह उड़ान दिल्ली से रवाना होकर शाम करीब 5:45 बजे मुंबई एयरपोर्ट पर उतरने वाली थी। लेकिन जब विमान मुंबई के एयरस्पेस में पहुंचा, तो वहां का मौसम बेहद खराब था और भारी टर्बुलेंस के कारण स्थिति लैंडिंग के अनुकूल नहीं थी। इसके बावजूद पायलट ने मुंबई एयरपोर्ट पर विमान को सुरक्षित उतारने के लिए लगातार प्रयास किए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान लगभग सवा घंटे तक हवा में ही चक्कर काटता रहा। जब मौसम में कोई सुधार नहीं हुआ और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए कोई जोखिम लेना संभव नहीं था, तब फ्लाइट को आपातकालीन स्थिति के तहत सूरत एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया, जहां विमान को सुरक्षित उतार लिया गया।
यात्रियों में भ्रम की स्थिति
इस पूरी घटना के बीच इंडिगो एयरलाइन की कार्यप्रणाली पर तब सवाल उठे जब यात्रियों और एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट के आंकड़ों में भारी अंतर देखने को मिला। इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट पर जब इस फ्लाइट (6E 864) का पीएनआर (PNR) स्टेटस चेक किया गया, तो उसमें यह दिखाया गया कि यह विमान मात्र 1 घंटे 16 मिनट की देरी के साथ शाम 7:01 बजे ही मुंबई एयरपोर्ट पर सफलतापूर्वक लैंड कर चुका है।
जबकि दूसरी तरफ, जमीनी हकीकत यह थी कि विमान मुंबई पहुंचने के बजाय सूरत एयरपोर्ट पर खड़ा था और यात्री विमान के अंदर या एयरपोर्ट लाउंज में अपनी आगे की यात्रा का इंतजार कर रहे थे। वेबसाइट के इस गलत और भ्रामक अपडेट ने यात्रियों के परिजनों और खुद यात्रियों के बीच भारी उलझन और नाराजगी पैदा कर दी है।
सूरत एयरपोर्ट पर फंसे यात्री, एयरलाइन के अगले कदम का इंतजार

यात्रियों के अनुसार, रात 8 बजे के बाद भी विमान सूरत एयरपोर्ट पर ही खड़ा रहा। अचानक हुई इस डायवर्जन की स्थिति के बाद एयरलाइन की तरफ से यात्रियों को मुंबई तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था या स्पष्ट सूचना समय पर नहीं मिल पाई। यात्री इस बात से परेशान हैं कि उन्हें आगे मुंबई के लिए कब रवाना किया जाएगा और एयरलाइन इस असुविधा के लिए क्या कदम उठा रही है। खराब मौसम प्राकृतिक आपदा जरूर है, लेकिन एयरलाइंस प्रबंधन और अपडेटेड लाइव स्टेटस में इस तरह की लापरवाही यात्रियों के लिए भारी मानसिक परेशानी का सबब बन जाती है।










