India-US Trade Deal: भारत अमेरिका ट्रेड डील पर ट्रंप नीतियों टकराहट, टेड क्रूज का खुलासा

व्हाइट हाउस में छिड़ी जंग: सीनेटर टेड क्रूज के लीक ऑडियो ने उड़ाए होश! क्या जेडी वेंस और पीटर नवारो जानबूझकर भारत के साथ होने वाली अरबों डॉलर की ट्रेड डील को रोक रहे हैं? ट्रंप के टैरिफ वॉर और पार्टी के अंदरूनी कलह ने पैदा किया बड़ा संकट। जानिए इस ड्रामे के पीछे का असली सच।

India-US Trade Deal

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

जनवरी 26, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

India-US Trade Deal:  भारत और अमेरिका के बीच संभावित व्यापार समझौते को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा बार-बार टैरिफ की धमकियां दिए जाने से न केवल भारत में चिंता बढ़ी है, बल्कि अमेरिका के भीतर भी असंतोष सामने आ रहा है। इसी कड़ी में रिपब्लिकन पार्टी के वरिष्ठ सांसद टेड क्रूज का एक लीक्ड ऑडियो चर्चा में है, जिसमें वे ट्रंप प्रशासन की नीतियों और रवैये की तीखी आलोचना करते सुने जा सकते हैं।

लीक्ड ऑडियो में ट्रंप प्रशासन पर सीधा आरोप

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह लगभग 10 मिनट का ऑडियो टेड क्रूज और रिपब्लिकन पार्टी के कुछ निजी डोनर्स के बीच हुई फोन बातचीत का है। इस बातचीत में क्रूज ने साफ कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील में देरी के लिए उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, व्हाइट हाउस के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो और स्वयं राष्ट्रपति ट्रंप जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नेताओं की नीतियां मुक्त व्यापार के खिलाफ हैं।

टैरिफ नीति को बताया अर्थव्यवस्था के लिए खतरनाक

टेड क्रूज ने ट्रंप की टैरिफ नीति को अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए नुकसानदायक करार दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के फैसलों से बाजार में अस्थिरता बढ़ती है और निवेशकों का भरोसा कमजोर होता है। क्रूज ने खुद को पारंपरिक फ्री-ट्रेड समर्थक बताते हुए कहा कि संरक्षणवादी नीतियां लंबे समय में अमेरिका को ही नुकसान पहुंचा सकती हैं।

महाभियोग तक पहुंच सकती है बात: क्रूज की चेतावनी

लीक्ड रिकॉर्डिंग में क्रूज यह कहते सुने गए कि यदि नवंबर 2026 तक अमेरिकियों की 401(k) रिटायरमेंट सेविंग्स में 30 फीसदी तक गिरावट आती है और महंगाई 10 से 20 फीसदी बढ़ती है, तो रिपब्लिकन पार्टी के लिए हालात बेहद मुश्किल हो जाएंगे। उनके अनुसार, ऐसी स्थिति में ट्रंप को हाउस और सीनेट दोनों में नुकसान उठाना पड़ सकता है और हर हफ्ते महाभियोग की मांग उठ सकती है।

ट्रंप के साथ तीखी बहस का दावा

टेड क्रूज ने यह भी बताया कि अप्रैल 2025 में जब ट्रंप ने कई देशों पर टैरिफ लगाए, तब उन्होंने और अन्य सांसदों ने राष्ट्रपति से देर रात तक बातचीत की। क्रूज का दावा है कि उन्होंने ट्रंप से टैरिफ वापस लेने का आग्रह किया, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही। उनके अनुसार, इस दौरान ट्रंप ने उन पर चिल्लाया और अपशब्दों का इस्तेमाल किया।

जेडी वेंस और पीटर नवारो पर खास टिप्पणी

भारत के साथ ट्रेड एग्रीमेंट को आगे बढ़ाने में बाधा डालने वालों पर बात करते हुए क्रूज ने जेडी वेंस को रूढ़िवादी पॉडकास्टर टकर कार्लसन का “प्रोटेज” बताया। उन्होंने कहा कि वेंस और कार्लसन की विदेश नीति को लेकर सोच काफी हद तक एक जैसी है। साथ ही पीटर नवारो को भी उन्होंने कठोर व्यापार नीतियों का समर्थक बताया।

2028 की राजनीति और ट्रेड डील का भविष्य

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2028 के राष्ट्रपति चुनाव की तैयारी कर रहे टेड क्रूज खुद को एक संतुलित और मुक्त व्यापार समर्थक नेता के रूप में पेश करना चाहते हैं। भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर उनकी यह खुली आलोचना न केवल ट्रंप प्रशासन के भीतर मतभेद दिखाती है, बल्कि आने वाले समय में दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों की दिशा पर भी सवाल खड़े करती है।

Read More: 77th Republic Day : राष्ट्रपति मुर्मू ने फहराया तिरंगा, सैन्य शक्ति का भव्य प्रदर्शन शुरू

2