Haryana News: राखी के त्योहार पर Haryana Police का खास एक्शन, सादी वर्दी में महिला पुलिस तैनात

फतेहाबाद में रक्षाबंधन पर बाजारों में काफी रौनक है, लेकिन मिठाइयों के दाम बढ़ने के कारण लोगों का खरीदारी का बजट थोड़ा बिगड़ गया है।

Haryana News

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

अगस्त 26, 2026

Haryana News: रक्षाबंधन के पावन पर्व को लेकर हरियाणा के बाजारों में बुधवार से ही भारी चहल-पहल और रौनक देखने को मिल रही है। बहनें अपने भाइयों की कलाई पर सजाने के लिए राखियां, मिठाइयां और उपहार खरीदने बाजारों में उमड़ पड़ी हैं। हालांकि, इस बार त्योहारी उत्साह के बीच महंगाई ने आम जनता का बजट जरूर थोड़ा बिगाड़ दिया है, लेकिन पर्व को लेकर लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। राज्य सरकार और प्रशासन ने भी त्योहार को शांतिपूर्ण और सुगम बनाने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Haryana News: कृति सेनन विवाद में अनिल विज की एंट्री, राहुल गांधी पर किया

महंगाई का असर

त्योहारों के इस सीजन में मिठाइयों की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें लगी हैं, लेकिन बढ़े हुए दामों ने लोगों की जेब पर जरूर असर डाला है। चीनी और अन्य कच्चे माल की लागत में बढ़ोतरी के कारण बाजार में मिठाइयां करीब 30 से 50 रुपये प्रति किलो तक महंगी हो गई हैं।

रक्षाबंधन पर सबसे अधिक पसंद किए जाने वाले ‘ग्वार पेठे’ के दामों में भी भारी उछाल आया है। कुछ दिन पहले तक जो ग्वार पेठा 100 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, वह अब बढ़कर 150 रुपये किलो तक पहुंच गया है। इसके बावजूद लोग परंपरा का निर्वाह करते हुए जमकर खरीदारी कर रहे हैं।

महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और अतिरिक्त फेरे

त्योहार के दौरान सफर करने वाली बहनों को बड़ी राहत देते हुए हरियाणा रोडवेज विभाग ने विशेष व्यवस्था की है। गुरुवार दोपहर 12 बजे से प्रदेशभर में महिलाओं और उनके साथ यात्रा कर रहे छोटे बच्चों के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त सफर की सुविधा शुरू हो जाएगी।

यात्रियों की संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हिसार और सिरसा जैसे प्रमुख रूटों पर रोडवेज विभाग द्वारा 20 अतिरिक्त फेरे (ट्रिप) भी संचालित किए जाएंगे, ताकि किसी भी यात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े।

सुरक्षा के कड़े पहरे के बीच सादी वर्दी में तैनात रहेंगी महिला पुलिसकर्मी

बाजारों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। प्रमुख और भीड़भाड़ वाले बाजारों में लगभग 500 पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

असामाजिक तत्वों और मनचलों पर नकेल कसने के लिए विशेष रूप से महिला पुलिसकर्मियों को सादी वर्दी में बाजारों में तैनात किया जाएगा, जो छेड़खानी, जेबकतली और मोबाइल चोरी जैसी घटनाओं पर पैनी नजर रखेंगी। हालांकि, बाजारों में साफ-सफाई के अभाव के कारण कुछ जगहों पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रक्षाबंधन का शुभ मुहूर्त और लेटेस्ट राखियों का क्रेज

पंचांग के अनुसार इस वर्ष रक्षाबंधन का पर्व शुक्रवार, 28 अगस्त को मनाया जाएगा। राखी बांधने का सबसे उत्तम शुभ मुहूर्त सुबह 6 बजकर 2 मिनट से सुबह 9 बजकर 48 मिनट तक रहेगा, क्योंकि पूर्णिमा तिथि इसी समय समाप्त होगी। भद्रा काल सूर्योदय से पहले ही समाप्त हो चुका है।

इस बार बाजार में पारंपरिक मोतियों और धागे वाली राखियों के साथ-साथ ब्रेसलेट स्टाइल, पर्सनलाइज्ड फोटो वाली राखियां, चांदी, रुद्राक्ष, और भगवान गणेश-ओम के डिजाइन वाली राखियों का जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है। बच्चों के लिए कार्टून, स्माइली और लाइट वाले खिलौनेनुमा राखियां मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

Haryana News: पूर्व सैनिक के हक में हाईकोर्ट का फैसला, 35 साल बाद