Hapur Accident: गंगा एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर, Thar के परखच्चे उड़े; 4 दोस्तों की मौत

हापुड़ के गंगा एक्सप्रेसवे पर देर रात तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसे में वाहन सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर घायल हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को बाहर निकाला और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। हादसे की जांच जारी है।

गंगा एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

अगस्त 31, 2026

Hapur Accident: यूपी के हापुड़ जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बदायूं से दिल्ली की ओर जा रही तेज रफ्तार थार अचानक अनियंत्रित हो गई और एक्सप्रेसवे पर कई बार पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवा की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में एक अन्य युवक घायल हुआ है, जिसकी स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

UP News : CM योगी और राम मंदिर को धमकी, यूपी 112 में मचा हड़कंप

देर रात गंगा एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में आने वाले गंगा एक्सप्रेसवे पर देर रात करीब 12 बजे हुई। थार कार बदायूं से दिल्ली की तरफ जा रही थी। बताया जा रहा है कि तेज गति में चल रही कार अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। इसके बाद वाहन सड़क पर कई बार पलटा और एक्सप्रेसवे के किनारे जा गिरा। लगातार पलटने की वजह से थार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में उस समय पांच युवक सवार थे और दुर्घटना के बाद सभी वाहन के भीतर फंस गए।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से निकाला

हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 और सिंभावली थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद कार में फंसे सभी पांच युवकों को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए नजदीकी सीएचसी सिखेड़ा ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं 17 वर्षीय विष्णु को हादसे में मामूली चोटें आईं। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चार युवकों की हुई मौत

हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवक बदायूं जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए गए हैं। मृतकों की पहचान 26 वर्षीय जोगिंदर, 25 वर्षीय सुखबीर, 20 वर्षीय जसवंत और 20 वर्षीय रवि के रूप में हुई है। वहीं घायल 17 वर्षीय विष्णु बदायूं के पालपुर गांव का रहने वाला बताया गया है।एक ही वाहन में सवार चार दोस्तों की मौत की खबर सामने आने के बाद उनके परिवारों में मातम पसर गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए

पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त थार को क्रेन की सहायता से सड़क से हटाया गया, जिसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था सामान्य की गई। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

UP News: अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान, सपा सरकार बनी तो 3 महीने में होगी