Hanuman Ansh Sequel: ‘हनुमान अंश’ का सीक्वल जल्द, फिल्म में दिखेगा कानपुर का पनकी मंदिर!

फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद इसके सीक्वल की तैयारी शुरू हो गई है। निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि नई फिल्म में कानपुर के प्रसिद्ध पनकी हनुमान मंदिर को भी दिखाया जाएगा। मंदिर का संबंध नीम करोली बाबा से बताया जाता है। फिल्म की सफलता को उन्होंने जेन-जी की संस्कृति और परंपरा से जुड़ाव का संकेत बताया।

Hanuman Ansh Sequel

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 10, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

Hanuman Ansh Sequel: फिल्म हनुमान अंश की सफलता के बाद अब इसके सीक्वल को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म के डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और राइटर डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि फिल्म का अगला भाग जल्द तैयार किया जाएगा। सीक्वल में कानपुर के प्रसिद्ध पनकी हनुमान मंदिर को भी प्रमुखता से दिखाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्य मंदिर के बाद पनकी में नए हनुमान मंदिर की स्थापना नीम करोली बाबा की देखरेख में हुई थी।

कानपुर में हुआ हनुमान अंश के कलाकारों का कार्यक्रम

Hanuman Ansh Sequel
हनुमान अंश की सफलता के बाद सीक्वल का ऐलान

बताते चले कि, सीएसजेएमयू में आयोजित एक कार्यक्रम में फिल्म हनुमान अंश की पूरी टीम और कलाकार शामिल हुए। इस दौरान फिल्म के निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी और बाबा का किरदार निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्या ने मीडिया से बातचीत की। फिल्म की सफलता, निर्माण प्रक्रिया और इसके अगले भाग को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।

निर्देशक बोले- हनुमान जी की कृपा से बनी फिल्म

इस दौरान डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने कहा कि उन्हें लगता है कि फिल्म का निर्माण खुद हनुमान जी की शक्तियों से संभव हुआ। उन्होंने बताया कि आमतौर पर बड़े निर्देशक शूटिंग शुरू करने से पहले दो से ढाई महीने तक तैयारी करते हैं, जबकि हनुमान अंश के लिए टीम ने महज 15 दिन तैयारी की। निर्देशक के मुताबिक फिल्म के निर्माण के दौरान कई तरह की परेशानियां सामने आईं, लेकिन हर बाधा अपने आप दूर होती चली गई। एक समय ऐसा भी आया जब कई कलाकार फिल्म छोड़कर जाने लगे, लेकिन इसके बावजूद शूटिंग और प्रोजेक्ट का काम नहीं रुका।

350 स्क्रीन से शुरुआत, फिर अचानक बढ़ा फिल्म का क्रेज

डॉ. विशाल ने बताया कि फिल्म की शुरुआत करीब 350 स्क्रीन से हुई थी। हालांकि 15 अगस्त के आसपास इसे करीब 325 स्क्रीन से हटा दिया गया। उस समय टीम को निराशा हुई, लेकिन इसके बाद फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह अचानक बढ़ गया। उन्होंने कहा कि हनुमान जी की कृपा से फिल्म का क्रेज लगातार बढ़ा और फिल्म ने कमाई के मामले में रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने पुरानी फिल्म जय संतोषी माता का उदाहरण देते हुए कहा कि यह फिल्म भी शोले जैसी बड़ी फिल्म के साथ रिलीज हुई थी, फिर भी उसने शानदार कमाई की थी।

जेन-जी में संस्कृति और सनातन परंपरा को लेकर उत्साह

निर्देशक ने कहा कि हनुमान अंश की सफलता यह संकेत देती है कि जेन-जी अपनी संस्कृति, धर्म और परंपराओं से गहराई से जुड़ी हुई है। उनके मुताबिक फिल्म सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि समाज में बदलाव लाने का प्रयास भी है। उन्होंने बताया कि फिल्म की पूरी शूटिंग प्रदेश में हुई है और इसमें कानपुर समेत कई स्थानीय लोगों ने योगदान दिया है। फिल्म को विदेशों में भी दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।

पनकी हनुमान मंदिर का नीम करोली बाबा से कनेक्शन

आपको बता दे कि, फिल्म के सीक्वल में पनकी मंदिर को शामिल किए जाने के पीछे इसकी धार्मिक और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि भी अहम है। जानकारी के मुताबिक नीम करोली बाबा ने नैनीताल के कैंची धाम की स्थापना से करीब एक साल पहले कानपुर के पनकी में नए हनुमान मंदिर की स्थापना कराई थी। बताया गया कि पनकी में मंदिर की स्थापना 10 जनवरी 1963 को हुई थी। इसके लिए जमीन उन्नाव के बदरका निवासी दीक्षित परिवार की ओर से उपलब्ध कराई गई थी। वर्तमान मंदिर में दक्षिणमुखी हनुमान जी की प्रतिमा है, जबकि वर्ष 2016 में नीम करोली बाबा की मूर्ति भी स्थापित की गई।

भक्तों की मांग पर बना नया हनुमान मंदिर

नीम करोली बाबा के अनन्य भक्त अनुराग माथुर ने बताया कि बाबा कई बार कानपुर आए थे और रामबाग निवासी प्रदीप दीक्षित के घर भी रुके थे। दीक्षित परिवार ने जब कानपुर में हनुमान मंदिर स्थापित करने की इच्छा बाबा के सामने रखी, तो उन्होंने इसकी सहमति दी। जब कुछ भक्तों ने कहा कि क्षेत्र में पहले से ही प्राचीन हनुमान मंदिर मौजूद है, तब बाबा ने कहा था कि हनुमान जी के भक्तों की संख्या लगातार बढ़ती रहेगी। इसी सोच के साथ नए मंदिर की स्थापना का रास्ता खुला।

पनकी मंदिर में सेवा कार्य भी जारी

अनुराग माथुर के मुताबिक नीम करोली बाबा के भक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और उनके अनुयायी सेवा कार्यों में भी सक्रिय हैं। भक्तों की ओर से जरूरतमंदों को महज 10 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा 10 रुपये में तीन दिन की होम्योपैथी दवा देने की व्यवस्था भी की जा रही है। अब हनुमान अंश के सीक्वल में पनकी हनुमान मंदिर और नीम करोली बाबा से जुड़ी इस कहानी को किस तरह पर्दे पर पेश किया जाता है, इसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है।

2