
Diwali Safety Tips: दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही घरों में साफ-सफाई और सजावट की तैयारियां तेज हो जाती हैं। बाजारों में रंग-बिरंगी एलईडी लाइट्स, झालर, इलेक्ट्रिक दीये और आकर्षक लैंप की खरीदारी शुरू हो जाती है। लोग अपने घरों और बालकनी को रोशनी से सजाने में जुट जाते हैं। लेकिन इस दौरान एक जरूरी बात अक्सर नजरअंदाज हो जाती है, वह है घर की इलेक्ट्रिकल वायरिंग और स्विच बोर्ड की सुरक्षा। त्योहार पर सामान्य दिनों की तुलना में बिजली का इस्तेमाल बढ़ जाता है। ऐसे में पुरानी या खराब वायरिंग हादसे की वजह बन सकती है।
Delhi Pollution: दिल्ली से मुंबई तक प्रदूषण का जानें हाल, किस महानगर की हवा सबसे ज्यादा खराब?
पुरानी वायरिंग से बढ़ सकता है शॉर्ट सर्किट का खतरा
अगर घर की वायरिंग काफी पुरानी है या किसी स्विच बोर्ड में पहले से खराबी मौजूद है, तो ज्यादा बिजली का लोड परेशानी पैदा कर सकता है। कमजोर तारों और ढीले कनेक्शन के कारण शॉर्ट सर्किट या आग लगने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए दिवाली की लाइटिंग शुरू करने से पहले घर के बिजली कनेक्शन की जांच कराना जरूरी है। खासकर उन घरों में अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए, जहां लंबे समय से वायरिंग की मरम्मत नहीं हुई है।
स्विच बोर्ड और सॉकेट में दिखें ये संकेत तो रहें सतर्क
घर के सभी मेन स्विच, बोर्ड और पावर सॉकेट को ध्यान से देखें। यदि किसी स्विच को चालू या बंद करते समय चिंगारी निकलती है अथवा असामान्य आवाज सुनाई देती है, तो इसे अनदेखा न करें। इसी तरह सॉकेट के आसपास कालापन, जलने के निशान या प्लास्टिक का पिघलना ओवरहीटिंग और ढीले कनेक्शन का संकेत हो सकता है। ऐसे बोर्ड का इस्तेमाल तुरंत बंद कर दें और प्रशिक्षित इलेक्ट्रीशियन से जांच करवाएं।
गीले स्विच बोर्ड और ढीले पैनल भी बन सकते हैं खतरा
दिवाली की सफाई के दौरान कई बार गीले कपड़े से स्विच बोर्ड साफ किए जाते हैं। इससे बोर्ड के अंदर नमी पहुंच सकती है और बिजली का झटका लगने का खतरा पैदा हो सकता है। इसलिए सफाई करते समय बिजली की सप्लाई बंद रखें और बोर्ड को पूरी तरह सूखने दें। टूटे हुए स्विच, खराब सॉकेट और दीवार से बाहर निकले बोर्ड की मरम्मत भी लाइटिंग लगाने से पहले करवा लें। बच्चों की सुरक्षा के लिए खुले तारों और ढीले पैनलों को विशेष रूप से ठीक कराना चाहिए।
सस्ते एक्सटेंशन बोर्ड में एक साथ न जोड़ें कई लाइटें
दिवाली पर घरों में होने वाली आम गलतियों में एक ही मल्टी-प्लग या एक्सटेंशन बोर्ड में कई झालरें और लाइटें जोड़ना शामिल है। बालकनी, छत और कमरों की लाइटें एक ही जगह जोड़ने से बिजली का लोड बढ़ सकता है। लगातार कई घंटे इस्तेमाल होने पर तार और एक्सटेंशन बोर्ड गर्म हो सकते हैं। इससे तारों का इन्सुलेशन खराब होने, पिघलने और शॉर्ट सर्किट का जोखिम पैदा होता है।
ओवरलोडिंग से बचने के लिए अपनाएं ये सावधानियां
सुरक्षा के लिए एक ही सॉकेट पर जरूरत से ज्यादा उपकरण न चलाएं। बिजली के लोड को अलग-अलग उपयुक्त सर्किट में बांटें। एक्सटेंशन बोर्ड की जरूरत हो तो मानक गुणवत्ता वाला, सही क्षमता का और ओवरलोड सुरक्षा वाले उपकरण का इस्तेमाल करें। केवल आईएसआई मार्क देखकर ही नहीं, बल्कि उसकी रेटिंग और इस्तेमाल की सीमा भी जांचें। सॉकेट में नंगे तार फंसाने या अस्थायी जुगाड़ करने से बचें। किसी भी खराबी की स्थिति में खुद मरम्मत करने के बजाय योग्य इलेक्ट्रीशियन की मदद लें।
सुरक्षित इंतजाम के साथ मनाएं रोशनी का त्योहार
दिवाली की सजावट तभी खुशियां बढ़ाएगी, जब घर में बिजली से जुड़े सभी इंतजाम सुरक्षित होंगे। लाइट्स लगाने से पहले वायरिंग, स्विच बोर्ड, प्लग और एक्सटेंशन कॉर्ड की जांच जरूर करें। थोड़ी सी सावधानी बिजली के हादसों और आर्थिक नुकसान से बचाने में मदद कर सकती है।
Delhi NCR Pollution: जहरीली हवा और बदलते मौसम की मार, दिल्ली-NCR











