Crypto Investment: क्रिप्टो निवेश का नया हब बना यूपी, दिल्ली-मुंबई पीछे; सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े

भारत के क्रिप्टो निवेश बाजार की तस्वीर बदलती नजर आ रही है। CoinSwitch की Q2 2026 रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश सबसे बड़े क्रिप्टो बाजार के रूप में सामने आया है। महाराष्ट्र, कर्नाटक और दिल्ली इसके पीछे हैं। रिपोर्ट में युवाओं की बढ़ती भागीदारी, निवेश की पसंद और बदलते क्रिप्टो ट्रेंड्स ने भी ध्यान खींचा है।

क्रिप्टो निवेश का नया हब बना यूपी

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

अगस्त 21, 2026

Crypto Investment: भारत में क्रिप्टोकरेंसी को लेकर निवेशकों की दिलचस्पी लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है। खास बात यह है कि क्रिप्टो निवेश अब केवल बड़े महानगरों तक सीमित नहीं रहा है। CoinSwitch की रिपोर्ट के मुताबिक, उसके प्लेटफॉर्म पर हुए कुल क्रिप्टो निवेश में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 12.9 फीसदी रही, जिसके साथ यूपी देश में पहले स्थान पर पहुंच गया।

यूपी के बाद महाराष्ट्र 12.4 फीसदी हिस्सेदारी के साथ दूसरे नंबर पर रहा। वहीं कर्नाटक की हिस्सेदारी 8.1 फीसदी और दिल्ली की 7.4 फीसदी रही। यानी देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली भी क्रिप्टो निवेश के मामले में उत्तर प्रदेश से पीछे हैं।

LIC का HDFC Bank में बड़ा दांव, RBI की मंजूरी के बाद 9.99% तक बढ़ा सकेगी

छोटे शहरों में भी बढ़ रहा क्रिप्टो का क्रेज

रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि डिजिटल एसेट में निवेश की दिलचस्पी अब केवल मुंबई, दिल्ली जैसे बड़े वित्तीय केंद्रों तक सीमित नहीं है। उत्तर प्रदेश का टॉप पर पहुंचना इस बात का संकेत है कि छोटे शहरों और गैर-महानगरीय इलाकों में रहने वाले लोग भी क्रिप्टो जैसे डिजिटल निवेश विकल्पों में रुचि ले रहे हैं। देश के टॉप 10 क्रिप्टो निवेश वाले राज्यों में 9 राज्यों में Bitcoin सबसे पसंदीदा क्रिप्टोकरेंसी रही। हालांकि, आंध्र प्रदेश इस मामले में अलग रहा, जहां निवेशकों ने Bitcoin के बजाय Dogecoin को ज्यादा पसंद किया।

युवा निवेशकों की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा

CoinSwitch के आंकड़ों में युवाओं की बढ़ती भागीदारी भी सामने आई है। दूसरी तिमाही यानी Q2 में प्लेटफॉर्म से जुड़ने वाले नए निवेशकों में 18 से 25 साल की उम्र के लोगों की हिस्सेदारी 54.4 फीसदी रही। वहीं 26 से 35 साल की उम्र वाले नए निवेशकों की हिस्सेदारी 25.4 फीसदी थी। इसका मतलब है कि करीब चार में से तीन नए निवेशक 35 साल या उससे कम उम्र के थे।

हालांकि खरीद और बिक्री के व्यवहार में उम्र के हिसाब से अंतर नजर आया। 18-25 साल के निवेशकों का buy-to-sell ratio 0.65 रहा, जबकि 46 साल या उससे अधिक उम्र के निवेशकों का यह अनुपात 1.14 रहा।

उम्र बढ़ने के साथ बढ़ा पोर्टफोलियो

रिपोर्ट के अनुसार, युवा निवेशकों का क्रिप्टो पोर्टफोलियो अपेक्षाकृत छोटा रहा। 18-25 साल की उम्र के 59.2 फीसदी निवेशकों के पास केवल एक क्रिप्टोकरेंसी थी। वहीं 36-45 साल की उम्र के निवेशकों में यह आंकड़ा घटकर 36.3 फीसदी रह गया। इसी आयु वर्ग में 10 या उससे अधिक क्रिप्टोकरेंसी रखने वाले निवेशकों की हिस्सेदारी 9.1 फीसदी रही।

अलग-अलग आयु वर्ग में Bitcoin और Dogecoin की जोड़ी सबसे लोकप्रिय रही। इसके बाद Bitcoin-Shiba Inu, Dogecoin-Shiba Inu और Bitcoin-Ethereum जैसी जोड़ियों को पसंद किया गया।

रात में सबसे ज्यादा हुई ट्रेडिंग

क्रिप्टो ट्रेडिंग के समय को लेकर भी रिपोर्ट में दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं। गुरुवार सबसे ज्यादा एक्टिव ट्रेडिंग वाला दिन रहा, जबकि रविवार को गतिविधियां सबसे कम रहीं। समय के लिहाज से रात 10 से 11 बजे के बीच ट्रेडिंग सबसे ज्यादा दर्ज की गई। शाम 7 बजे से आधी रात तक निवेशकों की गतिविधियां मजबूत रहीं। इसके विपरीत सुबह 3 से 5 बजे के बीच ट्रेडिंग सबसे कम रही।

Gold Rate Today: सोने-चांदी के दाम में फिर तेजी, दिल्ली समेत कई शहरों में

आंध्र प्रदेश में महिलाओं की बड़ी हिस्सेदारी

आंध्र प्रदेश में Dogecoin निवेशकों की पसंद में सबसे ऊपर रहा। यहां कुल क्रिप्टो निवेश में महिलाओं की हिस्सेदारी 59.3 फीसदी रही, जो देश के टॉप 10 क्रिप्टो बाजारों में सबसे अधिक बताई गई है। CoinSwitch के को-फाउंडर आशीष सिंघल के मुताबिक, समय के साथ निवेशक क्रिप्टो को लेकर ज्यादा जानकारी जुटाकर और सोच-समझकर फैसले ले रहे हैं। हालांकि, क्रिप्टोकरेंसी में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है और इसमें कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव संभव है।