BPL Suspend: बांग्लादेश की सबसे बड़ी घरेलू टी20 क्रिकेट लीग बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने इस साल BPL का आयोजन नहीं करने का निर्णय लिया है। बोर्ड के मुताबिक, लगातार हो रहे आर्थिक नुकसान और टूर्नामेंट से जुड़ी आंतरिक परेशानियों को देखते हुए लीग को फिलहाल स्थगित किया गया है। BCB अध्यक्ष और पूर्व क्रिकेटर तमीम इकबाल ने कहा है कि लीग को दोबारा शुरू करने से पहले उसकी पूरी व्यवस्था को बेहतर तरीके से तैयार किया जाएगा। उनका मानना है कि फ्रेंचाइजी क्रिकेट से बोर्ड को आर्थिक फायदा होना चाहिए, न कि लगातार नुकसान।
वैभव सूर्यवंशी से भी छोटे खिलाड़ी खेलेंगे एशियन गेम्स! एक की उम्र महज 13 साल
दो साल में करोड़ों का नुकसान
BPL को सस्पेंड करने की सबसे बड़ी वजह इसका लगातार बढ़ता वित्तीय घाटा बताया गया है। तमीम इकबाल के मुताबिक, पिछले दो वर्षों में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को इस लीग के आयोजन से करीब 3.3 मिलियन डॉलर, यानी लगभग 31.5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। BCB अध्यक्ष का कहना है कि जब तक टूर्नामेंट से जुड़ी आर्थिक और व्यवस्थागत समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक घाटे में लीग आयोजित करना उचित नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि BPL को दर्शकों का काफी प्यार मिला है और अगर इसे बेहतर तरीके से संचालित किया जाए तो इसकी लोकप्रियता और बढ़ सकती है। बोर्ड अब लीग को एक नए और व्यवस्थित ढांचे के साथ वापस लाने की तैयारी करना चाहता है।
विवादों से भी जुड़ा रहा BPL
बांग्लादेश प्रीमियर लीग पिछले कुछ समय से विवादों में भी रही है। इसी साल मई में BCB ने एक खिलाड़ी और टीम से जुड़े अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। एंटी-करप्शन यूनिट की जांच में उन पर कथित तौर पर सट्टेबाजी से जुड़े मामलों में शामिल होने की बात सामने आई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने लीग की छवि और संचालन पर भी सवाल खड़े किए। ऐसे में BCB अब टूर्नामेंट को दोबारा शुरू करने से पहले व्यवस्था को मजबूत करना चाहता है। तमीम इकबाल ने संकेत दिया है कि बोर्ड BPL को बंद करने के बजाय इसे सुधारने पर ध्यान देगा और समस्याओं का समाधान मिलने के बाद टूर्नामेंट को फिर से शुरू करने की कोशिश की जाएगी।
2012 में शुरू हुई थी BPL
बांग्लादेश प्रीमियर लीग की शुरुआत 2012 में हुई थी। करीब डेढ़ दशक के सफर में अब तक 12 सीजन खेले जा चुके हैं। हालांकि, हर साल टूर्नामेंट का आयोजन नहीं हो पाया। साल 2014 में राजनीतिक परिस्थितियों के कारण BPL का आयोजन नहीं हुआ था। इसके बाद 2020 और 2021 में कोरोना महामारी की वजह से लीग आयोजित नहीं की जा सकी।
कौन है BPL की सबसे सफल टीम?
BPL के इतिहास में कोमिला विक्टोरियंस सबसे सफल टीम रही है। टीम ने चार बार टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया है। इसके अलावा ढाका ग्लैडिएटर्स, राजशाही वॉरियर्स और फॉर्च्यून बारिशल ने दो-दो बार BPL ट्रॉफी जीती है।
तमीम इकबाल के नाम बड़ा रिकॉर्ड
BPL के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड खुद तमीम इकबाल के नाम दर्ज है। उन्होंने लीग में 118 मैचों में 3,835 रन बनाए हैं। उनके नाम दो शतक और 32 अर्धशतक भी दर्ज हैं। अब वही तमीम इकबाल BCB के अध्यक्ष के तौर पर लीग की कमियों को दूर कर इसे नए तरीके से वापस लाने की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।










