BJP New Team Meeting: भारतीय जनता पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम के गठन के बाद संगठन में गतिविधियां तेज हो गई हैं। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को नई टीम के पदाधिकारियों के साथ दिल्ली में अहम बैठक करने जा रहे हैं। बैठक से पहले बीजेपी मुख्यालय और उसके आसपास नए पदाधिकारियों के स्वागत में पोस्टर भी लगाए गए हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में संगठन की नई दिशा, युवाओं से संवाद, सोशल मीडिया और आने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा होगी।
भारत-नेपाल सीमा पर बहुओं को बड़ी राहत, नागरिकता और दस्तावेजों की जटिलता
तीन बैठकों में तय होगी आगे की रणनीति
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली में बीजेपी की तीन महत्वपूर्ण बैठकें होंगी। पहली बैठक में नई राष्ट्रीय टीम के सदस्यों का परिचय कराया जाएगा। इसके बाद ‘Modi@25’ अभियान की तैयारियों पर मंथन होगा। दिन की तीसरी और सबसे अहम बैठक में संगठन और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। इन बैठकों को नितिन नवीन की नई टीम के लिए काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई टीम के गठन के बाद यह उनका पहला बड़ा संगठनात्मक मंथन होगा।
नई टीम के सदस्यों को दी जाएगी जिम्मेदारी
पहली बैठक शनिवार सुबह करीब 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होने की बात कही जा रही है। इसमें 17 अगस्त को घोषित बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम के पदाधिकारियों का औपचारिक परिचय कराया जाएगा। नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ कई नए चेहरों को भी जिम्मेदारी दी गई है। बैठक के दौरान पदाधिकारियों को संगठन के कामकाज, उनकी जिम्मेदारियों और पार्टी की प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।
‘Modi@25’ को लेकर भी बनेगा प्लान
दूसरी बैठक में ‘Modi@25’ कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के मौके पर बीजेपी देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रही है। बैठक में इन कार्यक्रमों की रूपरेखा, अलग-अलग राज्यों में होने वाले आयोजनों और लोगों तक पहुंच बनाने की रणनीति पर चर्चा हो सकती है। साथ ही अभियानों को कब और किस स्तर पर चलाया जाएगा, इसकी समयसीमा भी तय की जा सकती है।
Gen-Z और सोशल मीडिया पर खास फोकस
शाम करीब छह बजे होने वाली तीसरी बैठक में बीजेपी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल होंगे। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संबोधन की भी संभावना है। इस दौरान Gen-Z से जुड़ने, महिलाओं से जुड़े मुद्दों, सोशल मीडिया पर पार्टी की सक्रियता और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने जैसे विषयों पर मंथन किया जा सकता है।
2027 के चुनावों पर भी नजर
बीजेपी की नई रणनीति में 2027 के विधानसभा चुनावों को खास महत्व दिया जा रहा है। अगले साल उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन राज्यों में मौजूदा विधानसभाओं का कार्यकाल पूरा होने के बाद चुनाव कराए जाएंगे। ऐसे में पार्टी की नई टीम के सामने संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने की बड़ी चुनौती होगी।
कई बड़े नेताओं को मिली नई जिम्मेदारी
नितिन नवीन ने 17 अगस्त को बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया था। इसमें कई वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। वसुंधरा राजे, राम माधव, तीरथ सिंह रावत और बैजयंत जय पांडा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। नई टीम की पहली बैठक को आने वाले चुनावों से पहले बीजेपी के संगठनात्मक रोडमैप की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।










