Bihar News: परीक्षा नियंत्रक के बयान पर मचा बवाल, सम्राट चौधरी ने दिए निलंबन के निर्देश

बीपीएससी परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मामले का संज्ञान लिया।

Bihar News

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

अगस्त 24, 2026

Bihar News: बिहार में बीपीएससी (BPSC) के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह के एक विवादित बयान को लेकर मामला गरमा गया है। बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मामले का संज्ञान लेते हुए बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने परीक्षा नियंत्रक को निलंबित करने का निर्देश जारी किया है। इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री की ओर से यह कार्रवाई अधिकारी के बयान के कुछ ही घंटे बाद की गई। इस घटनाक्रम के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।

Bihar Student Credit Card Loan : कन्फ्यूजन खत्म! बिहार में अब भी

वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

बीपीएससी परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह का एक वीडियो सोमवार को सामने आया, जिसमें वह प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक कहावत का इस्तेमाल करते हुए नजर आए। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और इसके बाद इस बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया।

मामले की जानकारी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तक पहुंचने के बाद उन्होंने इसे गंभीरता से लिया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी से बातचीत की और इसके बाद उन्हें निलंबित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद सामान्य प्रशासन विभाग को आगे की कार्रवाई करने को कहा गया है।

परीक्षा नियंत्रक ने जताया था खेद

विवाद बढ़ने के बाद परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने अपने बयान को लेकर सफाई भी दी थी। उन्होंने कहा था कि उन्होंने केवल एक लोकोक्ति यानी कहावत का इस्तेमाल किया था। उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या वर्ग को ठेस पहुंचाना नहीं था।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके बयान से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए खेद प्रकट करते हैं। हालांकि, उनके स्पष्टीकरण और खेद जताने के बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ। मुख्यमंत्री ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए निलंबन की कार्रवाई का आदेश दे दिया।

विपक्ष और राजनीतिक दलों ने उठाई थी कार्रवाई की मांग

इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई थीं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत जन सुराज की ओर से भी परीक्षा नियंत्रक के बयान पर आपत्ति जताई गई और उनसे माफी मांगने की मांग की गई थी।

सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से फैलने और मामले के तूल पकड़ने के बाद सरकार ने तत्काल कार्रवाई का फैसला लिया। मुख्यमंत्री के इस कदम को अधिकारियों के बयानों और सार्वजनिक व्यवहार को लेकर सरकार की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिया था विवादित बयान

दरअसल, BPSC के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने सोमवार, 24 अगस्त 2026 को आयोग के कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान उन्होंने कहा, “हाथी चले बाजार, कुत्ता भौंके हजार।” उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसके बाद विवाद खड़ा हो गया।

छात्र आंदोलन के बीच हुई थी प्रेस कॉन्फ्रेंस

यह पूरा मामला ऐसे समय सामने आया है जब पटना के गर्दनीबाग में छात्र अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। टीआरई-4 शिक्षक अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगों में निगेटिव मार्किंग को हटाना और एक ही परीक्षा आयोजित करना शामिल है।

बीपीएससी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए स्पष्ट किया कि निगेटिव मार्किंग हटाने और परीक्षा को एक चरण में कराने की मांग स्वीकार नहीं की जा सकती। इसी दौरान परीक्षा नियंत्रक की टिप्पणी सामने आई, जिसने विवाद को और बढ़ा दिया। अब मुख्यमंत्री के निलंबन के आदेश के बाद इस मामले में प्रशासनिक कार्रवाई का अगला चरण महत्वपूर्ण माना जा रहा है।