Bangladesh Hindu Killing: बांग्लादेश चुनाव से पहले हिंदुओं पर हिंसा जारी, मैमनसिंह में हिंदू व्यापारी की निर्मम हत्या

बांग्लादेश में 12 फरवरी को मतदान होना है, लेकिन उससे पहले मैमनसिंह की सड़कों पर बहा हिंदू व्यापारी का खून कुछ और ही बयां कर रहा है। क्या यह सिर्फ एक हत्या है या चुनावों से पहले हिंदुओं को डराने की कोई सोची-समझी साजिश? जानिए इस निर्मम हत्याकांड के पीछे का असली सच।

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

फ़रवरी 10, 2026

Bangladesh Hindu Killing: बांग्लादेश में 12 फरवरी 2026 को आम चुनाव होने वाले हैं, लेकिन चुनाव से ठीक पहले अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। चुनाव से महज 48 घंटे पहले मैमनसिंह जिले से एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने देश की कानून-व्यवस्था और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

त्रिशाल उपजिला में हिंदू कारोबारी की हत्या

मैमनसिंह जिले के त्रिशाल उपजिला में 62 वर्षीय हिंदू कारोबारी सुशेन चंद्र सरकार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सुशेन चंद्र सरकार त्रिशाल इलाके में ‘एमएस भाई-भाई एंटरप्राइजेज’ नाम से व्यापार करते थे और चावल के कारोबार से जुड़े हुए थे। परिजनों का आरोप है कि हमलावर हत्या के बाद दुकान से कई लाख बांग्लादेशी टका भी लूटकर फरार हो गए।

दुकान के अंदर दिया गया वारदात को अंजाम

बांग्लादेशी मीडिया आउटलेट आईटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह वारदात बोगर बाजार चौराहे पर हुई। बदमाशों ने रात के समय सुशेन चंद्र सरकार पर धारदार हथियार से हमला किया और उनकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने दुकान का शटर बंद कर दिया और उन्हें अंदर ही छोड़कर भाग गए। जब काफी देर तक दुकान नहीं खुली तो परिवार वालों को शक हुआ।

अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित

परिवार के सदस्य जब दुकान पहुंचे और शटर खोला तो सुशेन चंद्र सरकार खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। आनन-फानन में उन्हें मैमनसिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया और स्थानीय हिंदू समुदाय में गहरा आक्रोश देखने को मिला।

बेटे ने मांगी हत्यारों को कड़ी सजा

मृतक के बेटे सुजान सरकार ने बताया कि उनके परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने कहा कि उनके पिता का चावल का व्यापार लंबे समय से चल रहा था और इलाके में उनकी अच्छी पहचान थी। सुजान सरकार ने आरोप लगाया कि हत्या के बाद बदमाश दुकान से कई लाख टका लूट ले गए। उन्होंने प्रशासन से हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।

पुलिस का बयान और जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह हमला रात करीब 11 बजे किया गया। हमलावरों ने धारदार हथियार से सुशेन चंद्र सरकार की हत्या की और वारदात को छिपाने के लिए दुकान का शटर बंद कर दिया। बाद में परिवार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पुलिस का कहना है कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और दोषियों की तलाश जारी है।

अल्पसंख्यकों पर बढ़ती हिंसा का आरोप

गौरतलब है कि मुहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार के सत्ता में आने के बाद से बांग्लादेश में हिंदुओं समेत अन्य अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा के मामलों में बढ़ोतरी के आरोप लगते रहे हैं। चुनाव से पहले लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय और मानवाधिकार संगठनों की चिंता बढ़ा दी है। कई संगठनों ने बांग्लादेश सरकार से अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

चुनाव से पहले सुरक्षा पर सवाल

चुनाव से ठीक पहले एक और हिंदू व्यापारी की हत्या ने यह साफ कर दिया है कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा एक गंभीर मुद्दा बनी हुई है। अब देखना होगा कि सरकार और प्रशासन इन घटनाओं पर कितना प्रभावी कदम उठाते हैं और क्या चुनाव से पहले हालात में कोई सुधार हो पाता है या नहीं।