Ankit Baliyan Murder: सिंगर अंकित बालियान की हत्या के मामले में पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए और अहम तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, हत्या की वारदात को अंजाम देने से पहले अंकित की गतिविधियों पर नजर रखी गई थी। इसके लिए उनकी गाड़ी में GPS डिवाइस लगाए जाने की बात सामने आई है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपितों ने अंकित की आवाजाही और लोकेशन की जानकारी जुटाने के लिए पहले से तैयारी की थी। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि GPS डिवाइस किसने खरीदा, उसे गाड़ी में कब और कैसे लगाया गया और इस पूरी साजिश में कितने लोग शामिल थे।
PF खाताधारकों के लिए बड़ी खबर! EPFO 3.0 में ATM-UPI से जोड़ने का प्लान
गाजियाबाद से GPS खरीदने वाला संदिग्ध हिरासत में
पुलिस ने गाजियाबाद से GPS डिवाइस खरीदने वाले एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि डिवाइस खरीदने का मकसद क्या था और उसका अंकित बालियान की हत्या से सीधा संबंध है या नहीं। पुलिस ने GPS खरीदने वाली दुकान के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए संदिग्ध की गतिविधियों और उसके संपर्क में आए लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
शामली के युवक पर रेकी का शक
जांच में सामने आया है कि अंकित की रेकी करने वाला युवक शामली का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि वह संदिग्ध के काफी करीब पहुंच चुकी है। अब पूछताछ और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस हत्या की साजिश की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। जांचकर्ताओं को शक है कि रेकी के जरिए अंकित की दिनचर्या, आने-जाने के रास्ते और लोकेशन से जुड़ी जानकारी जुटाई गई होगी। इसके बाद हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।
फरार शूटरों की तलाश में कई राज्यों में दबिश
हत्याकांड में फरार चल रहे शूटर सत्यम और आर्यन की तलाश भी लगातार जारी है। पुलिस की टीमें उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। दोनों आरोपितों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कराने की तैयारी भी की जा रही है, ताकि उनके राज्य से बाहर जाने की किसी कोशिश पर नजर रखी जा सके। पुलिस इस मामले में हत्या की साजिश, रेकी और शूटरों तक पहुंचने के लिए अलग-अलग कड़ियों को जोड़ रही है।
कनाडा कनेक्शन की भी जांच
जांच के दौरान पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि गैंग से जुड़े कुछ लोग कनाडा में बैठकर संपर्क और गतिविधियां संचालित कर रहे थे। पुलिस अब इस संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विदेश में मौजूद लोगों की इस हत्याकांड में कोई भूमिका थी या नहीं।
दो शूटरों के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद गोगी गैंग ने सोशल मीडिया पर अपनी गतिविधियां कम कर दी हैं। पुरानी पोस्ट और कुछ ग्रुप गतिविधियां भी हटाए जाने की जानकारी सामने आई है।
जांच में मदद करने वाले होटल मालिक को मिलेगा सम्मान
अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में पुलिस की मदद करने वाले होटल मालिक की भूमिका की भी सराहना की गई है। पुलिस जल्द ही उन्हें सम्मानित करने की तैयारी में है। फिलहाल पुलिस का पूरा ध्यान रेकी करने वाले संदिग्ध, GPS डिवाइस और फरार शूटरों के बीच कनेक्शन स्थापित करने पर है। जांच आगे बढ़ने के साथ हत्याकांड की साजिश से जुड़े और भी खुलासे होने की उम्मीद है।
NHAI Toll Scam : NHAI टोल फर्जीवाड़े में ED का बड़ा एक्शन, 7 राज्यों में 14 ठिकानों पर रेड









