Aaj Ka Mausam: देश के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 26 सितंबर को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत 11 राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम में यह बदलाव दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिणी आंतरिक ओडिशा के ऊपर बने डिप्रेशन के कारण देखा जा रहा है। यह सिस्टम उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। अगले कुछ घंटों तक इसके डिप्रेशन की स्थिति में बने रहने की संभावना है, जिसके बाद इसके कमजोर होकर कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने का अनुमान है।
Weather Update: यूपी के इन 54 जिलों में बिगड़ेगा मौसम, रेड-अलर्ट से फ्लैश
इन 11 राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, हरियाणा और दिल्ली में बारिश की संभावना जताई है। कई जगहों पर भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने का खतरा भी है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय बाढ़ की स्थिति बन सकती है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का जोखिम बढ़ने की आशंका है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में 26 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 27 सितंबर को भी दिल्ली में गरज के साथ बारिश का अलर्ट है, जबकि 28 सितंबर को बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
यूपी में आज भारी बारिश की चेतावनी

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में पहले से बारिश का दौर जारी है। लखनऊ, कानपुर और उन्नाव समेत कई जिलों में मौसम विभाग ने 26 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी दोनों क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में बारिश का दौर 30 सितंबर तक बना रह सकता है। पश्चिमी यूपी में 27 से 29 सितंबर और पूर्वी यूपी में 27 से 30 सितंबर तक बारिश की संभावना है।
इन जिलों में बढ़ सकती है मुश्किल
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, संत कबीर नगर, महाराजगंज, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं समेत कई जिलों में भारी बारिश को लेकर प्रशासन सतर्क है। इसके अलावा आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, श्रावस्ती, बहराइच, उन्नाव, कानपुर नगर, बांदा और चित्रकूट के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अचानक बाढ़ की आशंका को देखते हुए राहत एवं बचाव एजेंसियों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बिहार और उत्तराखंड में भी अलर्ट
बिहार में 26 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश और करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। यहां 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक बारिश का दौर बना रह सकता है। उत्तराखंड के देहरादून, पिथौरागढ़ और नैनीताल समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। राज्य में 28 सितंबर तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश और झारखंड में भी बारिश

पूर्वी मध्य प्रदेश में 26 सितंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी हिस्से में 25 से 27 सितंबर के बीच व्यापक बारिश की संभावना है। झारखंड में भी कई इलाकों में भारी बारिश हुई है। लोहरदगा, लातेहार, गुमला और सिमडेगा में बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम में आकस्मिक बाढ़ की आशंका को देखते हुए भी सतर्कता बरती जा रही है। मौसम में 27 सितंबर से सुधार आने की संभावना है।
Weather Update: बिहार में मौसम ने बदली करवट, 26 सितंबर को 3 जिलों में भारी










