Aaj Ka Mausam: देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिसके चलते कई राज्यों में लगातार बारिश की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में आने वाले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। सोमवार, 27 जुलाई को राजधानी में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि मंगलवार और बुधवार को बारिश की गतिविधियां और तेज होने का अनुमान है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
पूर्वानुमान के अनुसार, इन दिनों एक या दो बार गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
Bihar Politics: बिहार की सियासत में नया घमासान, भरत तिवारी एनकाउंटर पर आमने-सामने पप्पू और तेजस्वी
नोएडा में भी बादलों का डेरा, भारी बारिश की चेतावनी
दिल्ली से सटे नोएडा में भी मौसम अगले कुछ दिनों तक बारिश वाला बना रहेगा। 28 और 29 जुलाई को आसमान में घने बादल छाए रहने और समय-समय पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा तेज गर्जना, बिजली गिरने और कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। 30 जुलाई को भी मौसम लगभग इसी तरह बना रहेगा और कई स्थानों पर रुक-रुक कर वर्षा होने के आसार हैं।
तमिलनाडु के पश्चिमी घाट क्षेत्रों में मध्यम बारिश की संभावना
आईएमडी के अनुसार, तमिलनाडु के पश्चिमी घाट वाले जिलों में 31 जुलाई तक मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि तमिलनाडु के तटीय क्षेत्र के ऊपर निचले स्तर पर बने कमजोर निम्न दबाव के परिसंचरण के कारण यह मौसमीय बदलाव देखने को मिल रहा है।
लंबे समय से सूखे जैसे हालात झेल रहे इन इलाकों में यह बारिश राहत लेकर आ सकती है। वहीं, चेन्नई के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है, लेकिन इसके बावजूद अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। नमी अधिक रहने के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है।
ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा
ओडिशा में मानसून का असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र और मजबूत होकर डीप डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके 27 जुलाई को पारादीप और सागर द्वीप के बीच उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट से गुजरने की संभावना है।
स्थिति को देखते हुए आईएमडी ने ओडिशा के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, अंगुल और ढेंकनाल जैसे जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दक्षिण बंगाल में भी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
दक्षिण बंगाल में भी अगले दो से तीन दिनों तक मौसम खराब बना रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण बंगाल और बांग्लादेश के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण तथा उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव के कारण बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं। इसके साथ ही राजस्थान, उत्तर प्रदेश और झारखंड से होकर गुजर रही मानसूनी ट्रफ भी बारिश को बढ़ावा दे रही है।
हालांकि, कोलकाता में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना कम है, लेकिन सोमवार को शहर में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
Bihar Paper Leak Protest: प्रदर्शन के बीच हिरासत में तेज प्रताप यादव, परीक्षा धांधली पर सियासत तेज
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने जिन क्षेत्रों में येलो और रेड अलर्ट जारी किया है, वहां लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली गिरने की स्थिति में खुले स्थानों पर न रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता कई राज्यों में सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर सकती है।










