
Zohran Mamdani: अमेरिका के मध्यावधि चुनावों (मिडटर्म इलेक्शन) के परिणामों ने न्यूयॉर्क की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत कर दी है। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी के समर्थन वाले तीनों प्रगतिशील उम्मीदवारों ने आम चुनाव में शानदार जीत हासिल कर ली है। इससे पहले इन सभी ने डेमोक्रेटिक पार्टी के प्राइमरी चुनावों में भी बाजी मारी थी। इन तीनों की जीत के साथ ही जोहरान ममदानी का राजनीतिक प्रभाव अब केवल न्यूयॉर्क के मेयर कार्यालय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अमेरिकी संसद (यूएस कांग्रेस) के निचले सदन यानी ‘हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स’ तक पहुंच गया है।
प्राइमरी से लेकर आम चुनाव तक का सफर

जीत हासिल करने वाले इन तीनों प्रमुख उम्मीदवारों में ब्रैड लैंडर, डारियालिजा अविला शेवेलियर और क्लेयर वाल्डेज शामिल हैं। इन नेताओं की यह जीत इसलिए भी बेहद खास और ऐतिहासिक मानी जा रही है, क्योंकि इन्होंने केवल सुरक्षित मानी जाने वाली डेमोक्रेटिक सीटों पर ही कब्जा नहीं किया, बल्कि पार्टी के भीतर स्थापित दिग्गज नेताओं और उनके पसंदीदा उम्मीदवारों को प्राइमरी चुनावों में पटखनी दी थी।
न्यूयॉर्क के 10वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से जीतने वाले ब्रैड लैंडर (जो न्यूयॉर्क शहर के पूर्व नियंत्रक रह चुके हैं) ने जून में हुए डेमोक्रेटिक प्राइमरी में दो बार के सांसद डेनियल गोल्डमैन को हराया था। उनके चुनाव प्रचार के दौरान मध्य पूर्व का युद्ध और इजरायल को मिलने वाली अमेरिकी सैन्य सहायता का विरोध एक बड़ा मुद्दा रहा था।
13वें डिस्ट्रिक्ट से विजयी हुईं डारियालिजा ने चुनाव से पहले कभी कोई सार्वजनिक पद नहीं संभाला था। डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट्स ऑफ अमेरिका की सदस्य डारियालिजा ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में फलस्तीन समर्थक प्रदर्शनों में अहम भूमिका निभाई थी और उन्होंने स्थापित नेता एड्रियानो एस्पाइयात को मात दी। क्लेयर ने 7वें डिस्ट्रिक्ट की खाली सीट पर हुए चुनाव में एंटोनियो रेनोसो को हराकर अपनी जगह पक्की की और ममदानी के समर्थित खेमे की जीत को पूरा किया।
बर्नी सैंडर्स ने सराहा, अमेरिकी संसद में बदले सियासी समीकरण

इन स्थानीय जीतों के अलावा, देशव्यापी स्तर पर भी डेमोक्रेटिक पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रिपब्लिकन पार्टी के गढ़ माने जाने वाले टेक्सास, कंसास और साउथ कैरोलिना जैसे राज्यों में सीटें जीत कर सीनेट पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। अब अमेरिकी संसद के दोनों सदनों (प्रतिनिधि सभा और सीनेट) में डेमोक्रेटिक पार्टी का नियंत्रण हो गया है।
दिग्गज अमेरिकी सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने इन परिणामों को आधुनिक अमेरिकी इतिहास में प्रगतिशील राजनीति की सबसे बड़ी जीतों में से एक करार दिया है। सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि देश के शहरी और ग्रामीण इलाकों के मतदाताओं ने कुलीनतंत्र (Oligarchy) के खिलाफ और कामकाजी वर्ग के पक्ष में स्पष्ट संदेश दिया है। वहीं, अपनी इस बड़ी राजनीतिक सफलता पर मेयर जोहरान ममदानी ने बेहद संक्षिप्त और उत्साहजनक प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “अमेरिका में फिर से सुबह हो गई है।”
जनवरी में संभालेंगे कार्यभार
ये सभी नवनिर्वाचित सांसद आगामी जनवरी माह में आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार संभालेंगे। यह समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के कार्यकाल के अंतिम दो वर्ष का होगा। संसद के दोनों सदनों में डेमोक्रेटिक पार्टी का नियंत्रण होने से वॉशिंगटन के राजनीतिक गलियारों में नए समीकरण देखने को मिलेंगे, जिससे अमेरिकी नीतियों पर भी गहरा प्रभाव पड़ने की उम्मीद है।











