UP News: यूपी के किसानों की चमकेगी किस्मत? CM योगी ने किया बड़े पैकेज का ऐलान, महिलाओं को भी सौगात

दीपावली पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के किसानों, महिलाओं और श्रमिकों के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। प्राकृतिक आपदा से फसल नुकसान पर 3 करोड़ किसान परिवारों के लिए राहत पैकेज आएगा। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष पैकेज मिलेगा। वहीं, 1.89 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थियों को गैस सिलेंडर सब्सिडी की सौगात दी गई है।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

नवम्बर 4, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के मौके पर किसानों, महिलाओं, गरीब परिवारों और श्रमिकों के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। प्राकृतिक आपदाओं से फसल बर्बाद होने पर किसानों को राहत देने के लिए अलग पैकेज लाया जाएगा। वहीं, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष पैकेज और मंडियों में सस्ते भोजन की व्यवस्था भी शुरू होगी।

किसानों के लिए योगी सरकार का बड़ा ऐलान

उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं की वजह से जिन किसानों की फसल खराब हुई है, उन्हें राहत देने के लिए सरकार जल्द ही अलग पैकेज लेकर आएगी। इस पैकेज से प्रदेश के करीब 3 करोड़ किसान परिवारों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

किसानों के लिए योगी सरकार का बड़ा ऐलान

सीएम योगी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, अल नीनो और बेमौसम बारिश के चलते किसानों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। पिछले 15 दिनों में दो बार तेज बारिश, आंधी और तूफान से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है। सरकार प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा दे रही है और अब उनके लिए अलग से राहत पैकेज तैयार किया जा रहा है।

महिलाओं के लिए विशेष पैकेज लाएगी योगी सरकार

मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए भी जल्द विशेष पैकेज लाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रदेश की हर महिला अपने पैरों पर खड़ी हो और परिवार की आर्थिक ताकत बने। इसके लिए महिलाओं को रोजगार और अपना काम शुरू करने में मदद दी जाएगी।

योगी ने महिलाओं से कहा कि वे पहले से तय कर लें कि उन्हें कौन-सा काम शुरू करना है, सरकार हर कदम पर उनका साथ देगी। उन्होंने लखपति दीदी और बीसी सखी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज महिलाएं उद्योगों में नाइट शिफ्ट तक काम कर रही हैं। सरकार का लक्ष्य महिलाओं को सुरक्षा के साथ आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।

मंडियों और श्रमिक अड्डों पर खुलेंगे अन्नपूर्णा भोजनालय

किसानों और मजदूरों को राहत देने के लिए सरकार प्रदेश की प्रमुख मंडियों और श्रमिक अड्डों पर अन्नपूर्णा भोजनालय शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडियों में अपनी फसल बेचने आने वाले किसानों को अब सिर्फ गुड़-पानी के सहारे नहीं रहना पड़ेगा। वे टोकन मनी देकर सम्मान के साथ दो रोटी और भरपेट भोजन कर सकेंगे।

इसी तरह निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों के लिए बनाए जा रहे श्रमिक अड्डों पर भी सस्ते भोजन की व्यवस्था होगी। सरकार का कहना है कि किसान हो या श्रमिक, हर व्यक्ति को सम्मान के साथ भोजन मिलना चाहिए।

उज्ज्वला योजना के 1.89 करोड़ परिवारों को दिवाली का तोहफा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत दी। प्रदेश के 1.89 करोड़ से ज्यादा पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी देने का अभियान शुरू किया गया। इस पर राज्य सरकार करीब 1500 करोड़ रुपये खर्च करेगी।

उज्ज्वला योजना के 1.89 करोड़ परिवारों को दिवाली का तोहफा

सीएम ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 983 रुपये 45 पैसे है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 335 रुपये 40 पैसे की सब्सिडी मिलती है। बाकी 648 रुपये 55 पैसे लाभार्थी को देने पड़ते हैं। अब राज्य सरकार यह रकम सीधे गैस कंपनियों को देगी। इससे पात्र परिवारों को सिलेंडर लेने के लिए अपनी जेब से भुगतान नहीं करना पड़ेगा और करीब 650 रुपये की बचत होगी।

2014 से पहले गैस कनेक्शन लेना था मुश्किल

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 से पहले गरीब परिवारों के लिए गैस कनेक्शन लेना आसान नहीं था। लोगों को कनेक्शन के लिए काफी परेशानियां उठानी पड़ती थीं और कई बार 25 हजार से 50 हजार रुपये तक ब्लैक में देने पड़ते थे।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 मई 2016 को उत्तर प्रदेश के बलिया से उज्ज्वला योजना की शुरुआत की थी। इसका मकसद गरीब महिलाओं को रसोई के धुएं से मुक्ति दिलाना और उन्हें मुफ्त गैस कनेक्शन उपलब्ध कराना था। अब सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है।

2017 से पहले दंगे और कर्फ्यू का माहौल था, अब बाजारों में रौनक: योगी

सीएम योगी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले त्योहार आते ही दंगे, फायरिंग और कर्फ्यू का डर सताने लगता था। बेटियां सुरक्षित नहीं थीं और व्यापारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आज प्रदेश में सुरक्षा का माहौल है। अब कोई राह चलती महिलाओं से छेड़छाड़ करने, व्यापारियों से जबरन वसूली करने या दंगा करने की हिम्मत नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि बाजारों में बढ़ती रौनक और त्योहारों पर लोगों की चहल-पहल प्रदेश में आए बदलाव को दिखाती है।

गरीबों, नौजवानों और श्रमिकों के लिए योगी सरकार की योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि विकास का फायदा समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। गरीब परिवारों को गैस, बिजली, सड़क, पेयजल, इलाज और आवास जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। वहीं, युवाओं के लिए रोजगार और सरकारी नौकरी के अवसर तैयार किए जा रहे हैं।श्रमिकों के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए अटल आवासीय विद्यालय चलाए जा रहे हैं। इन स्कूलों में बच्चों को उनकी प्रतिभा के हिसाब से आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है। इसके साथ ही श्रमिक अड्डों पर भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराने की तैयारी है।

आत्मनिर्भर महिलाओं से बनेगा आत्मनिर्भर यूपी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर प्रदेश की आधी आबादी आत्मनिर्भर बनेगी तो उत्तर प्रदेश भी आत्मनिर्भर बनेगा। इससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को मजबूती मिलेगी। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में सरकार जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं की एक और श्रृंखला शुरू करेगी।

दरअसल, दीपावली के मौके पर योगी सरकार के इन ऐलानों में किसानों के लिए राहत पैकेज, महिलाओं के लिए आर्थिक मदद, श्रमिकों के लिए सस्ता भोजन और उज्ज्वला लाभार्थियों को गैस सब्सिडी जैसी कई बड़ी घोषणाएं शामिल हैं। इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

2