UP News: त्योहारों से पहले योगी सरकार का बड़ा प्लान, यूपी की 681 प्रमुख सड़कें होंगी गड्ढामुक्त

यूपी में बारिश और बाढ़ से खराब हुई सड़कों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा निर्देश दिया है। त्योहारों से पहले 681 प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त किया जाएगा। 09 विभागों के 4.36 लाख किमी मार्गों की समीक्षा के दौरान अस्पताल, बाजार और शिक्षण संस्थानों की सड़कों पर तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 11, 2026

UP News: उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश और बाढ़ के कारण खराब हुई सड़कों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश अभी जारी है, इसलिए क्षतिग्रस्त सड़कों का लगातार सर्वे कराया जाए और जहां जरूरत हो, वहां सड़क को तुरंत आवागमन योग्य बनाया जाए।

बरसात के बाद सड़कों का होगा स्थायी नवीनीकरण

UP News
बारिश से खराब सड़कों पर योगी सख्त

बताते चले कि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि सड़क गड्ढामुक्ति अभियान केवल पैचवर्क तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जिन सड़कों की हालत बेहद खराब है, उन्हें फिलहाल मोटरेबल बनाया जाए, जबकि बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद जरूरत के अनुसार उनका स्थायी नवीनीकरण कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सड़क की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।

त्योहारों से पहले 681 प्रमुख मार्गों पर विशेष फोकस

आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए प्रदेश में 681 महत्वपूर्ण मार्ग चिन्हित किए गए हैं। इन रास्तों पर त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होने की संभावना है। इनमें गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा, नवरात्रि, दीपावली, छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा जैसे प्रमुख पर्वों से जुड़े मार्ग शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इन सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर स्थिति में रखने के निर्देश दिए।

अस्पताल और बाजार की सड़कें होंगी प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, प्रमुख बाजारों और सरकारी कार्यालयों तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। इन स्थानों पर आम लोगों की आवाजाही अधिक रहती है, इसलिए खराब सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल ठीक कराया जाए।

4.36 लाख किलोमीटर सड़कों की हुई समीक्षा

बैठक में प्रदेश के 09 विभागों के करीब 4.36 लाख किलोमीटर मार्गों की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि मौजूदा अभियान के तहत करीब 50 हजार किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक करीब 5,751 किलोमीटर मार्गों पर गड्ढामुक्ति का काम पूरा किया जा चुका है।

भारी वाहनों और निर्माण कार्यों से भी सड़कें हुईं खराब

UP News
यूपी में भारी वाहनों और निर्माण कार्यों से भी सड़कें हुईं खराब

अधिकारियों ने बताया कि अतिवृष्टि और बाढ़ के अलावा एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे समेत विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं के कारण भारी वाहनों की आवाजाही से भी कई सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। ऐसे सभी मार्गों का विभागवार सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों के आधार पर अलग-अलग विभागों के लिए गड्ढामुक्ति के लक्ष्य तय किए जाएंगे।

नवीनीकरण के लिए 30 हजार किलोमीटर का लक्ष्य

सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। विभाग की ओर से बताया गया कि करीब 30 हजार किलोमीटर सड़कों के नवीनीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें अब तक लगभग 14 हजार किलोमीटर मार्गों पर काम पूरा होने की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

5 हजार किलोमीटर सड़कों की विशेष मरम्मत का लक्ष्य

विशेष मरम्मत के लिए भी करीब 5 हजार किलोमीटर सड़कों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अधिकारियों के अनुसार अब तक लगभग 700 किलोमीटर मार्गों पर विशेष मरम्मत का काम पूरा किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मरम्मत कार्य में तेजी के साथ-साथ निर्माण की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

कई विभाग मिलकर संभालेंगे सड़क मरम्मत का काम

मुख्यमंत्री ने सड़क सुधार कार्यों में सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। बैठक में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों के अलावा मंडी परिषद, पंचायती राज, सिंचाई, ग्राम्य विकास, नगर विकास, आवास एवं शहरी नियोजन तथा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग की कार्ययोजनाओं की समीक्षा की गई।

त्योहारों से पहले सड़कों को लेकर योगी का स्पष्ट निर्देश

UP News
त्योहारों से पहले सड़कों को लेकर योगी का स्पष्ट निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि आगामी पर्व-त्योहारों से पहले प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क आम आदमी के रोजमर्रा के जीवन से सीधे जुड़ी है, इसलिए खराब सड़कों के कारण लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। फिलहाल बारिश से प्रभावित मार्गों को मोटरेबल बनाने और बाद में जरूरत के अनुसार स्थायी नवीनीकरण कराने की रणनीति पर काम होगा।