Assam Assembly Election 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को असम के चुनावी दंगल में उतरे। उन्होंने बारपेटा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के प्रत्याशी दीपक कुमार दास के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस चुनावी जनसभा में सीएम योगी ने कांग्रेस और एआईयूडीएफ (UDF) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस तो चुनाव शुरू होने से पहले ही रणछोड़ बनकर मैदान से भाग चुकी है। वहीं, अब समय आ गया है कि यूडीएफ को भी ताला बंद कर बंगाल की खाड़ी में विसर्जित कर दिया जाए।
अवैध घुसपैठ और डेमोग्राफी में बदलाव
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि असम की बीजेपी नीत डबल इंजन सरकार ने यह संकल्प लिया है कि राज्य को अवैध प्रवासियों का शरणस्थल नहीं बनने दिया जाएगा। दंगाइयों को राज्य से चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा। एनडीए सरकार असम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण कर रही है और हर हाल में डेमोग्राफी यानी जनसांख्यिकी को बदलने की साजिश को नाकाम कर रही है।
असम की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत
अपने संबोधन की शुरुआत में योगी आदित्यनाथ ने असम की जनता को ‘रंगोली बिहू’ पर्व की बधाई दी। उन्होंने असम को भारत के गौरव की पावन भूमि बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां कामाख्या के दर्शन के लिए पूरा देश यहां आता है। श्रीमंत शंकर देव और माधव देव जैसे संतों की इस धरती ने हमेशा देश को एकता, भक्ति और मानवता की सीख दी है और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार किया है।
राम मंदिर निर्माण और विरासत का सम्मान
योगी ने वोटर्स से मुखातिब होते हुए कहा कि जहां भी एनडीए की सरकारें हैं, वहां विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत का सम्मान होता है। उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि जब अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन चल रहा था, तब कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर ही सवाल खड़े कर दिए थे। लेकिन जैसे ही यूपी में डबल इंजन की सरकार आई, 500 वर्षों का इंतजार खत्म हुआ और अयोध्या में भव्य रामलला का मंदिर बनकर तैयार हो गया।
उत्तर प्रदेश का कानून व्यवस्था मॉडल
असम की धरती से यूपी के कानून व्यवस्था मॉडल (Law and Order) की मिसाल देते हुए सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश पूरी तरह से दंगा, कर्फ्यू और माफिया राज से मुक्त हो चुका है। वहां ‘नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब है चंगा’ का माहौल है। अब यूपी में सड़कों पर मजहबी गतिविधियां नहीं होतीं और न ही लाउडस्पीकरों का शोर सुनाई देता है। यदि कोई उपद्रवी दंगा करने का दुस्साहस करता है, तो उसकी संपत्ति जब्त कर गरीबों और वंचितों में बांट दी जाती है।
NDA द्वारा विकास और जनकल्याण
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और यूडीएफ ने हमेशा वोटबैंक की खातिर घुसपैठियों को बसाया और असम के मूल निवासियों के हक, राशन व जमीन पर डाका डाला। लेकिन अब बीजेपी सरकार कामाख्या कॉरिडोर का निर्माण करा रही है। उन्होंने कहा कि गरीबों को मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत का लाभ और चाय बागान में काम करने वाले श्रमिकों को विशेष पैकेज देने का काम केवल एनडीए ही कर सकती है, क्योंकि विपक्षी दलों के पास कोई विजन ही नहीं है।










