Ayodhya News: अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी की जाएगी। अब तक 8 हजार रुपये मानदेय पाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आगे 12 हजार रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। वहीं, आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय भी बढ़ाया जाएगा।
आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय भी बढ़ा

बताते चले कि, मुख्यमंत्री ने कहा कि सहायिकाओं को अब तक 4 हजार रुपये मानदेय मिलता था, जिसे बढ़ाकर 6 हजार रुपये किया जाएगा। सरकार के इस फैसले से प्रदेश में काम कर रही बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। सीएम योगी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका समाज के सबसे महत्वपूर्ण वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में अहम है।
आंगनबाड़ी कर्मचारियों को 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर
आपको बता दे कि, मानदेय बढ़ाने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को स्वास्थ्य बीमा कवर देने की भी घोषणा की। उन्हें 5 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा अतिरिक्त साड़ी के लिए भी राशि देने की बात मुख्यमंत्री ने कही। सरकार के मुताबिक, इन फैसलों का उद्देश्य आंगनबाड़ी कर्मियों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा देना है।
CM योगी का दावा- नौ साल में बदली आंगनबाड़ी व्यवस्था

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति खराब थी और कई केंद्र वीरान पड़े रहते थे। सीएम ने दावा किया कि बीते नौ वर्षों में उनकी सरकार ने आंगनबाड़ी केंद्रों और कार्यकर्ताओं के काम को व्यवस्थित करने की दिशा में कई कदम उठाए हैं।
अयोध्या विकास को लेकर सपा पर योगी का हमला

मुख्यमंत्री ने अयोध्या के विकास को लेकर समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा के लोगों ने अयोध्या के विकास का विरोध किया। सीएम योगी के मुताबिक, पहले शहर में बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बेहतर नहीं थी, लेकिन अब अयोध्या में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या अब सोलर सिटी बन चुकी है और शहर की तस्वीर बदल रही है। उन्होंने दावा किया कि पहले अयोध्या में कुछ घंटे ही बिजली आती थी, जबकि अब शहर रोशन है। मुख्यमंत्री ने अयोध्या में हुए विकास कार्यों को सरकार की इच्छाशक्ति का परिणाम बताया।
राम मंदिर और अयोध्या विकास पर सपा-कांग्रेस को घेरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में सपा और कांग्रेस पर राम मंदिर का विरोध करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि इन दलों ने अयोध्या के विकास का भी विरोध किया, लेकिन इसके बावजूद शहर का विकास जारी रहा। सीएम ने कहा कि विकास के लिए केवल संसाधन ही नहीं, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति की भी जरूरत होती है।
आंगनबाड़ी कर्मियों की स्थिति सुधारने का सरकार का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह पिछले वर्षों में अयोध्या की तस्वीर बदली है, उसी तरह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की स्थिति में भी सुधार हुआ है। मानदेय में बढ़ोतरी, स्वास्थ्य बीमा और अन्य सुविधाओं के जरिए सरकार इन कर्मियों को बेहतर आर्थिक सुरक्षा देने का प्रयास कर रही है। अयोध्या में हुई इस घोषणा को आंगनबाड़ी क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।










