West Bengal SIR List: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची संशोधन (SIR) को लेकर आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। सोमवार शाम को पहली पूरक मतदाता सूची जारी की जाएगी, जिसे लेकर राज्य प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इस प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए पूरे राज्य में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने उग्र भीड़ या विरोध की आशंका को ध्यान में रखते हुए नियंत्रण के विशेष प्रबंध किए हैं, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
उन्नत खेती से शीला राजवाड़े बनीं लखपति दीदी बिहान’ से जुड़कर संवर रही ग्रामीण महिलाओं की आजिविका
लाखों मामलों के निपटारे के बाद सूची जारी

बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, राज्य में कुल 60 लाख मामलों की जांच चल रही थी। इनमें से बीते शुक्रवार तक करीब 27 लाख 30 हजार मामलों का निपटारा कर लिया गया है। इन्हीं मामलों के आधार पर आज पहली पूरक सूची जारी की जाएगी। यह सूची मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया का अहम हिस्सा है, जिसमें योग्य मतदाताओं के नाम जोड़े जाते हैं और अपात्र या गलत प्रविष्टियों को हटाया जाता है।
10 लाख नाम हटाए गए
सूत्रों के मुताबिक, जिन मामलों का निपटारा हुआ है, उनमें से करीब 10 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। यह कार्रवाई दस्तावेजों की जांच और सत्यापन प्रक्रिया के बाद की गई है। जिला चुनाव अधिकारियों को इन सूचियों की हार्ड कॉपी भेजी जा रही है, जिन्हें संबंधित मतदान केंद्रों (बूथों) पर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा, नागरिक इन सूचियों को चुनाव आयोग और बंगाल के सीईओ कार्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर भी ऑनलाइन देख सकेंगे।
सूची में दो श्रेणियां
इस पूरक सूची में दो तरह की जानकारी शामिल होगी। पहली श्रेणी में उन लोगों के नाम होंगे, जिन्हें अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया गया है। दूसरी श्रेणी में उन व्यक्तियों के नाम होंगे, जिन्हें सूची से हटा दिया गया है।
जिन लोगों के नाम सूची से हटाए गए हैं, उन्हें अपील करने का अधिकार दिया गया है। वे ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से अपीलीय न्यायाधिकरण में आवेदन कर सकते हैं और अपने मामले की सुनवाई की मांग कर सकते हैं।
चुनाव आयोग की बढ़ी निगरानी
पूरे घटनाक्रम पर चुनाव आयोग की कड़ी नजर बनी हुई है। आयोग के निर्देश पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने रविवार से ही राज्यभर के विभिन्न थानों का दौरा शुरू कर दिया है। इस दौरान थाना प्रभारियों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त केंद्रीय बलों की तैनाती भी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, 31 मार्च तक करीब 300 कंपनियां केंद्रीय सुरक्षा बलों की बंगाल पहुंच जाएंगी, जिससे संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा और अधिक सुदृढ़ हो सकेगी।
स्मार्ट किचन की ओर कदम: भोपाल में PNG कनेक्शन लेने की प्रक्रिया आसान









