West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है और राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में रैलियों का दौर जारी है। नेता लगातार जनता के बीच पहुंचकर समर्थन जुटाने में लगे हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी आज एक बार फिर पश्चिम बंगाल के दौरे पर कोलकाता पहुंचे हैं जहां पार्टी की ओर से चुनाव के लिए उन्होंने संकल्प पत्र जारी किया है।
पश्चिम बंगाल में भाजपा ने जारी किया संकल्प पत्र
केंद्रीय गृह मंत्री पश्चिम बंगाल में आज डेबरा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे साथ ही खड़गपुर में रोड शो कर जनता से बीजेपी के पक्ष में वोट करने की अपील करेंगे जहां बड़ी संख्या में समर्थकों के जुटने की संभावना है।इसके पहले उन्होंने भाजपा का संकल्प पत्र जारी करते हुए बंगाल की जनता से कई बड़े वादे किए हैं उनमें से एक बंगाल में बीजेपी की सरकार आने पर पूरे राज्य में यूसीसी को लागू करना है।
BJP सरकार आने पर UCC लागू करने का दावा
अमित शाह ने कहा,भाजपा-शासित कई राज्यों ने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर दी है। 6 महीने के भीतर, हम बंगाल में भी UCC लागू करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि पूरे राज्य में सभी नागरिकों पर कानूनों का एक ही, समान सेट लागू हो… हम न केवल घुसपैठियों के लिए बंगाल की सीमाओं को सील करेंगे बल्कि यह भी सुनिश्चित करेंगे कि बंगाल के रास्ते भारत से एक भी गाय की तस्करी न हो।
घुसपैठियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पर काम का वादा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “बंगाल की संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए हम एक वंदे मातरम संग्रहालय की कल्पना लेकर आए हैं। इसके माध्यम से पूरे विश्व में बंगाल के कल्चर को प्रसिद्धि मिलेगी… हम घुसपैठ पर निर्णायक प्रहार करेंगे… हमने तय किया है कि 45 दिन में ही भारत सरकार के गृह मंत्रालय को जितनी भूमि उपलब्ध करानी है, वह बंगाल सरकार द्वारा कराई जाएगी…
विकसित भारत की कल्पना को साकार करने का दावा
भाजपा का संकल्प पत्र जारी करते हुए अमित शाह ने कहा, “यह संकल्प पत्र बंगाल के हर तबके को निराशा से बाहर निकालने का एक मार्ग है। यह कई प्रकार की आशंकाओं से घिरे किसानों को बाहर निकलने का एक नया मार्ग दिखाएगा…प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत की जो कल्पना है, उस रोड मैप को भी यह संकल्प पत्र बंगाल की जनता के सामने रखेगा… जनता भयभीत और निराश है। जनता मन से परिवर्तन चाहती है… आज हम बंगाल की विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल के रूप में काम कर रहे हैं।










